गंगानगरः राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर अपने गंगानगर दौरे के दूसरे दिन भी फुल एक्शन मोड में नजर आए गुरुवार सुबह वे बिना किसी पूर्व सूचना के सादुलपुर ब्लॉक के मम्मड खेड़ा गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पहुंच गए उनके अचानक पहुंचने से स्कूल प्रशासन और साथ चल रहे अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई।
छात्रा के जवाब पर हुए गदगद
मंत्री मदन दिलावर सीधे कक्षा 7वीं में पहुंचे और बच्चों के साथ संवाद शुरू किया। उन्होंने एक छात्रा से पूछा- 'भारत का संविधान किसने बनाया ?' बच्ची ने न केवल संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर का नाम बताया, बल्कि बहुत ही विस्तार से इसका उत्तर दिया। बच्ची का आत्मविश्वास और सटीक जानकारी देख मंत्री बेहद प्रसन्न हुए और पूरी क्लास के सामने उसे शाबाशी देते हुए कहा, 'शाबाश', तुमने बहुत ही सही और उत्तम उत्तर दिया है।
सफाई व्यवस्था पर भड़के मंत्री
हालांकि स्कूल के भीतर बच्चों की शिक्षा देख खुश हुए मंत्री जब स्कूल से बाहर निकले, तो गांव की गलियों में जलभराव और गंदगी देख उनका पारा चढ़ गया। उन्होंने जिला परिषद के अधिकारियों को आड़े हाथों लिया और कड़े लहजे में पूछा-"यहां सोख्ता पिट (Soak Pit) क्यों नहीं बनाया गया ?" उन्होंने मौके पर ही जल निकासी की व्यवस्था सुधारने के सख्त निर्देश दिए। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके बाद मंत्री ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मोरजंडखारी का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने शैक्षणिक स्तर, आधारभूत सुविधाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाना और विद्यालयों में बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
अधिकारियों की रही मौजूदगी
निरीक्षण के दौरान जिला परिषद के एसीईओ हरिराम चौहान, एक्सईएन रमेश मैदान और कार्यवाहक जिला शिक्षा अधिकारी अरविंदर सिंह सहित शिक्षा एवं पंचायत राज विभाग के आला अधिकारी मौजूद रहे। बहरहाल मदन दिलावर के इस औचक निरीक्षण का वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।