मुंबईः मुंबई के भांडुप (पश्चिम) इलाके में एक निर्माणाधीन स्थल पर देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई जबकि 10 अन्य लोग घायल हो गए। शुक्रवार को नगर निगम अधिकारियों ने इस घटना की जानकारी दी।
बताया गया कि यह घटना गुरुवार रात करीब 11:30 बजे मेट्रो मॉल के पास जनता मार्केट के नजदीक हुई, जहां स्लम रिहैबिलिटेशन अथॉरिटी (SRA) की इमारत का निर्माण चल रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पास के मातोश्री मैरिज हॉल में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल कुछ लोग गलती से निर्माण स्थल के गड्ढे में गिर गए। घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, 108 एंबुलेंस सेवा और स्थानीय वार्ड स्टाफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया। इस हादसे में 19 से 43 वर्ष की आयु के कुल 11 लोग घायल हुए। सभी को इलाज के लिए आसपास के क्रिटिकेयर, फोर्टिस और अग्रवाल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायलों में से 25 वर्षीय भालचंद्र फाले को फोर्टिस अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, 25 वर्षीय श्रेयस सुर्वे और 43 वर्षीय हरिशंकर कर्वा क्रमशः क्रिटिकेयर और अग्रवाल अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।