🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

संजू की बल्लेबाजी व अकील-नूर की गेंदबाजी ने CSK को दिलाई जीत, मुंबई को 103 रन से हराया

चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 103 रन से हराया। संजू सैमसन की शानदार पारी और मैच के पूरे हाइलाइट्स इस खबर में जानें…

By लखन भारती

Apr 24, 2026 00:21 IST

आईपीएल–2026 के 33वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंबई को 103 रनों से परास्त कर दिया। वानखेड़े के मैदान पर CSK से मिले 208 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए MI की पूरी टीम 104 रन बनाकर ऑलआउट हुई। यह चेन्नई की इस सीजन की तीसरी जीत है। जानें, मैच का पूरा हाल…

मुंबई की खराब शुरुआत

208 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दानिश मालेवार बिना खाता खोले पवेलियन लौटे, वहीं नमन धीर को भी अकील हुसैन ने जीरो पर आउट किया। क्विंटन डी कॉक भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और महज 7 रन बनाकर मुकेश चौधरी का शिकार बने। 11 रनों के स्कोर पर 3 विकेट गिरने के बाद सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा ने टीम की लड़खड़ाती हुई पारी को संभाला। दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 73 रनों की साझेदारी निभाई।

तिलक 37 रन बनाकर आउट हुए

तिलक 29 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 37 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, सूर्यकुमार 30 गेंदों में 36 रन बनाकर अकील हुसैन का शिकार बने। कप्तान हार्दिक पांड्या का निराशाजनक प्रदर्शन इस मुकाबले में भी जारी रहा और वह सिर्फ एक रन ही बना सके। शेरफेन रदरफोर्ड पहली ही गेंद पर नूर अहमद की बॉल पर अंशुल कंबोज को कैच देकर पवेलियन लौटे। कृष भगत 15 गेंदों का सामना करने के बाद 7 रन ही बना सके, जसप्रीत बुमराह 2 रन बनाकर आउट हुए।

104 रन में ही सिमट गई मुंबई

मुंबई ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए और पूरी टीम 104 रन बनाकर सिमट गई। गेंदबाजी में चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से अकील हुसैन ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में महज 17 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। वहीं, नूर अहमद ने 24 रन खर्च करते हुए 2 विकेट चटकाए, जबकि मुकेश चौधरी, जेमी ओवरटन और गुरजपनीत सिंह ने एक-एक विकेट झटका।

संजू ने 54 गेंदों में पूरे किए 101 रन

इससे पहले, चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 207 रन लगाए। टीम की तरफ से संजू सैमसन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली। संजू ने सिर्फ 54 गेंदों का सामना करते हुए 101 रनों की नाबाद पारी खेली। अपनी इस पारी में सैमसन ने 10 चौके और 6 छक्के लगाए। सीएसके की शुरुआत अच्छी नहीं रही।

मुंबई की इस सीजन की पांचवीं हार

कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ 14 गेंदों में 22 रन बनाकर आउट हुए, जबकि सरफराज खान 8 गेंदों में 14 रन बनाने के बाद मिचेल सैंटनर का शिकार बने। शिवम दुबे 5 रन ही बना सके, तो डेवाल्ड ब्रेविस ने 21 रनों का योगदान दिय। कार्तिक शर्मा (18) और जेमी ओवरटन (15) भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके। गेंदबाजी में MI की तरफ से अल्लाह गजनफर ने 4 ओवर में 25 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि अश्वनी कुमार ने 37 रन खर्च करते हुए 2 विकेट निकाले. यह मुंबई इंडियंस की इस सीजन की पांचवीं हार है।

Articles you may like: