🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

चुनाव से ठीक पहले हुमायूं कबीर की पार्टी छोड़ TMC में शामिल हुए उलुबेड़िया दक्षिण सीट से उम्मीदवार

उलुबेड़िया कॉलेज के सामने मौजूद तृणमूल की पार्टी ऑफिस में जाकर शेख हबीब पार्टी में शामिल हो गए। मंत्री पुलक राय ने उन्हें तृणमूल में शामिल करवाया।

By Moumita Bhattacharya

Apr 25, 2026 14:43 IST

वीडियो कांड के बाद से लगातार हुमायूं कबीर की मुश्किलें बनी हुई हैं। जिस प्रत्याशी को चुनावी मैदान में तृणमूल को हराने के उद्देश्य से हुमायूं कबीर ने उतारा था, उसने ही विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से ठीक पहले तृणमूल का दामन थाम लिया है।

बुधवार, 29 अप्रैल को दूसरे चरण का चुनाव होगा और उससे पहले शनिवार को आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) को छोड़कर शेख हबीब तृणमूल में शामिल हो गए। शेख हबीब को हावड़ा के उलुबेड़िया दक्षिण सीट से चुनावी मैदान में उतारा गया था।

शनिवार की सुबह उलुबेड़िया कॉलेज के सामने मौजूद तृणमूल की पार्टी ऑफिस में जाकर वह पार्टी में शामिल हो गए। मंत्री पुलक राय ने उन्हें तृणमूल में शामिल करवाया। शेख हबीब का दावा है कि AJUP प्रमुख हुमायूं कबीर मुस्लिम समुदाय को धोखा दे रहे हैं। भाजपा के साथ हाथ मिलाकर वह आम जनता को बेवकूफ बना रहे हैं। यह समझ में आते ही उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला लिया।

Read Also | बंगाल चुनाव दूसरे चरण के वोटर हैं पर अभी तक नहीं मिला वोटर कार्ड? जानिए क्या हैं पहचान पत्र के अन्य विकल्प

शेख हबीब ने कहा कि नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद हुमायूं कबीर की हरकते देखकर ही मानसिक रूप से टूट गया था। परिवार भी मुझसे चुनावी मैदान से हटने के लिए बार-बार कह रहा था। इसी वजह से मैंने पार्टी (AJUP) छोड़ने का फैसला लिया।

हबीब पिछले कई दिनों से पार्टी के समर्थन में चुनाव प्रचार कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के आखिरी तीन दिनों में वह तृणमूल के लिए वोट भी मांगेंगे। उन्होंने बताया कि सिर्फ उलुबेड़िया ही नहीं बल्कि राज्य भर से AJUP के करीब 80 प्रत्याशियों ने पार्टी छोड़ दिया है।

बता दें, पहले चरण के चुनाव से महज 4 दिनों पहले माणिकचक विधानसभा केंद्र के AJUP प्रत्याशी मोहम्मद तोहिदूर रहमान ने पार्टी छोड़ दी थी। इसके बाद रानीगंज के प्रत्याशी राहुल घोष, दुर्गापूर पूर्व से प्रत्याशी रुबिया बेगम, बाराबनी से प्रत्याशी अद्वैत दास, पांडवेश्वर से प्रत्याशी जुवैद शेख ने भी हुमायूं कबीर का साथ छोड़ दिया। सभी ने तृणमूल द्वारा जारी वीडियो को लेकर अपनी नाराजगी जताते हुए पार्टी से अपना रिश्ता तोड़ने की घोषणा की।

शेख हबीब को तृणमूल में शामिल करवाने के बाद पुलक राय ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की विकास का साथी बनने के लिए विभिन्न राजनैतिक पार्टियों से नेता पार्टी में शामिल हो रहे हैं।

Articles you may like: