विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से ठीक पहले एन्फोर्समेंट डिरेक्टोरेट (ED) एक बार फिर से सक्रिय हो गयी है। शनिवार की सुबह राज्य के 9 अलग-अलग जगहों पर ED ने छापेमारी की जिसमें पूर्व बर्धमान और हाबरा के कई चावल व्यवसायियों का घर भी शामिल हैं।
सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि राशन घोटाला मामले में ही यह कार्रवाई की जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के अनुसार कोलकाता, हाबरा और पूर्व बर्धमान के कई ठिकानों पर ED के अधिकारियों ने छापा मारा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार की अहले सुबह उत्तर 24 परगना जिला क्षेत्र में कई चावल व्यवसासियों के घर पर ED के अधिकारियों ने तलाशी अभियान चलाया। केंद्रीय बल के जवानों को साथ में लेकर ही यह अभियान चलाया गया। बताया जाता है कि ED के अधिकारियों ने हाबरा के जयगाछी नेताजी रोड स्थित व्यवसायी समीर चंदेर के घर पर तलाशी अभियान चलाया। राशन बंटवारे में हुई धांधली में उनका नाम सामने आने का आरोप है।
Read Also | आस्था सबसे पहले! महज एक साल में दीघा के जगन्नाथ मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे 1.3 करोड़ श्रद्धालु
वहीं हाबरा के श्रीनगर रोड पर एक और व्यवसायी सागर साहा के घर पर भी ED के अधिकारी पहुंचे। शनिवार की अहले सुबह व्यवसायी के घर पहुंचे ED के अधिकारियों को काफी देर तक बाहर इंतजार करना पड़ा। सुबह के समय परिवार के अधिकांश सदस्य सो रहे थे।
बार-बार दरवाजा खटखटाने के बाद आखिरकार जब दरवाजा खोला गया तब अधिकारी घर में घुसे और तलाशी अभियान के साथ पूछताछ भी शुरू की। समाचार लिखे जाने तक मिली जानकारी के अनुसार ED के अधिकारियों का अभियान चल रहा है। पूरे इलाके को केंद्रीय बल के जवानों ने घेर रखा है।
ED सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार राशन बांटने में घोटाले के मामले में तीन चावल व्यवसायियों का नाम सामने आया है। उसके आधार पर ही विभिन्न जगहों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। आरोप है कि राशन सामग्रियों का कालाबाजारी करने के साथ-साथ भारी मात्रा में आर्थिक लेनदेन और काले धन को सफेद बनाने का काम भी किया जा रहा था।
ED के अधिकारियों ने पूर्व बर्धमान में भी चावल व्यवसायी की मिल पर तलाशी अभियान चलाया। बर्धमान के जीटी रोड से सटे रुबी पैलेस मार्केट में दूसरी मंजिल पर मौजूद मां अन्नपूर्णा राइस मिल्स के ऑफिस में ED के अधिकारियों ने छापामारी की। छापामारी के दौरान डिजिटल सबूतों को भी खंगाला जा रहा है। ED के अधिकारी लैपटॉप समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की जांच भी कर रहे हैं।