🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

विराट की नजर 'ट्रिपल सेंचुरी' पर, एक छक्का लगाते ही होंगे स्पेशल क्लब में शामिल, कौन हैं वे 'धुरंधर'

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अपने होम ग्राउंड पर आईपीएल 2026 के 34वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस का सामना करेगी। इस मैच में विराट कोहली पर नजरें होंगी।

By लखन भारती

Apr 24, 2026 18:38 IST

एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में शुक्रवार को जब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आईपीएल 2026 के 34वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस से भिड़ेगी तो फैंस की नजरें विराट कोहली पर होंगी। विराट कोहली ने 6 मैचों में 49.40 की औसत और 157 की स्ट्राइक रेट से अभी तक 247 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 28 चौके और 8 छक्के लगाए हैं। किंग कोहली बीते कुछ मैचों में पूरी तरह से फिट नहीं दिखे थे। लेकिन बीते शाम ट्रेनिंग के दौरान वह किसी परेशानी में नहीं दिखे। ऐसे में संभव है आरसीबी के पूर्व कप्तान के असली तेवर आज फैंस को दिखें।

वहीं गुजरात के खिलाफ मुकाबले में कोहली की नजर एक विराट रिकॉर्ड पर भी होगी। किंग कोहली अगर एक छक्का लगाते हैं तो वह आईपीएल में 300 छक्के पूरे कर लेंगे। विराट आईपीएल में इस मुकाम पर पहुंचने वाले केवल तीसरे और रोहित शर्मा के बाद दूसरे भारतीय खिलाड़ी होंगे। आईपीएल में सर्वाधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम है, जिन्होंने 142 मैचों में 357 छक्के जड़े हैं। इसके बाद लिस्ट में हिटमैन रोहित है, जिनके नाम 276 मैचों में 310 छक्के हैं। विराट कोहली के नाम 273 मैचों में 299 छक्के हैं।

चिन्नास्वामी में आरसीबी का इस सीजन का आखिरी मैच

मौजूदा चैंपियन आरसीबी ने अपने शुरुआती दो मुकाबलों में सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ जीत दर्ज की। इसके बाद उसे राजस्थान रॉयल्स के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी। अगले दो मुकाबले मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के विरुद्ध जीतने के बाद इस टीम को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।

इस सीजन में अपने घर पर पहली हार का सामना करने के बावजूद आरसीबी आईपीएल 2026 की बेहतरीन टीमों में से एक रही है। यह टीम एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में अपने आखिरी घरेलू मैच में जोरदार वापसी करने का लक्ष्य रखेगी। इस मैच के बाद, उन्हें अपने लीग-चरण के बाकी दो घरेलू मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेलने हैं।

गुजरात टाइटंस की नजर जीत पर

दूसरी ओर, पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ लगातार दो मुकाबले गंवाने के बाद गुजरात टाइटंस ने दिल्ली कैपिटल्स, लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले जीते। इसके बाद उसे मुंबई इंडियंस के विरुद्ध 99 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा था। इस हार के साथ उनकी लगातार तीन जीत का सिलसिला टूट गया। यह टीम जल्द से जल्द वापसी करने के लिए बेताब होगी। हालांकि, आईपीएल के सबसे चुनौतीपूर्ण मैदानों में से एक पर जीत हासिल करना उनके लिए एक बड़ी परीक्षा होगी।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच अब तक का आमने-सामने का रिकॉर्ड बराबरी का रहा है। अब तक खेले गए 6 मुकाबलों में, दोनों टीमों ने तीन-तीन मैच जीते हैं। उनकी पहली भिड़ंत 30 अप्रैल 2022 को हुई थी, जिसे गुजरात टाइटंस ने जीता था। 2 अप्रैल 2025 को हुए सबसे हालिया मुकाबले में भी उन्हीं की जीत हुई थी।

Articles you may like: