मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) के समर्थन में बंगाल विधानसभा चुनाव में प्रचार करने के लिए आम आदमी पार्टी प्रमुख व दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कोलकाता आने वाले हैं।
दिल्ली के आप सूत्रों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार वह 26 और 27 अप्रैल को भवानीपुर विधानसभा केंद्र में प्रचार अभियान चला सकते हैं। बताया जाता है कि तृणमूल के आमंत्रण पर ही केजरीवाल कोलकाता आ रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को राज्य में पहले चरण के चुनाव से पहले बुधवार को फोन पर केजरीवाल ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बात की। इस बात की जानकारी उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी।
अरविंद केजरीवाल ने लिखा कि अभी-अभी फोन पर ममतादीदी के साथ बात हुई। मेरा पूरा समर्थन उनके साथ है। वह सबसे कठिन लड़ाईयों में से एक लड़ रही हैं जो भारतीय लोकतंत्र के लिए सबसे अधिक महत्वपूर्ण लड़ाईयों में से एक है। चुनाव आयोग समेत अन्य संस्थानों का दुर्व्यवहार करने के बावजूद मोदीजी हार जाएंगे।
फोन पर तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी के साथ बात होने के बाद ही उनके बंगाल दौरे की जानकारी मिली है। राज्य में दूसरे चरण का चुनाव 29 अप्रैल को होने वाला है। इसी चरण में भवानीपुर में भी मतदान होगा जहां से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चुनावी मैदान में उतर रही हैं।
उनके सामने भाजपा ने शुभेंदु अधिकारी को मैदान में उतारा है। तृणमूल सूत्रों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि अपने दो दिनों के दौरे में अरविंद केजरीवाल कई जनसभा और प्रभार अभियान में शामिल हो सकते हैं।