🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

सुबह-सुबह गंगा में नौका विहार कर PM मोदी ने 'बंगाल की आत्मा' को छूकर लिया विकास का प्रण, देखें Video

काफी देर तक नाव से PM मोदी ने कोलकाता की खूबसूरती को एक अलग ही अंदाज से निहारा। इसकी झलक उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में भी दिखायी।

By Moumita Bhattacharya

Apr 24, 2026 11:09 IST

पहले 'झालमुड़ी ब्रेक' में तीखी मिर्ची पर तकरार और अब गंगा में नौका विहार...! चुनाव के दौर में कुछ इसी अंदाज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) दिखाई दे रहे हैं। शुक्रवार की सुबह वह गंगा में नौका विहार करने निकल पड़े। हाथों में था कैमरा...। सिर्फ इतना ही नहीं नौका भ्रमण और कोलकाता की 'आत्मा' को छू कर देखने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने क्या समझा, इस बारे में भी उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में विस्तार से बताया है।

चुनाव का पहला चरण सम्पन्न हो चुका है लेकिन दूसरे चरण को लेकर राजनीतिक पारा फिर से चढ़ने लगा है। शुक्रवार को प्रधानमंत्री को दो चुनावी सभा को संबोधित करना है लेकिन उससे वह गंगा में नौका विहार के लिए ग्वालियर घाट पर पहुंच गए।

काफी देर तक नाव से उन्होंने कोलकाता की खूबसूरती को एक अलग ही अंदाज से निहारा। इसकी झलक उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में भी दिखायी। कोलकाता और हावड़ा की स्काईलाइन को अपने कैमरे से विभिन्न एंगल से उन्होंने कैद भी किया।

नौका विहार पर प्रधानमंत्री मोदी X/Narendra Modi

सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट में बंगाल के लोगों के लिए उन्होंने अपना संदेश भी दिया है। अंग्रेजी भाषा के साथ-साथ बांग्ला में लिखे अपने पोस्ट में PM मोदी ने लिखा है कि प्रत्येक बंगाली के दिल में गंगा ने अपनी एक खास जगह बनायी है।

कहा ही जा सकता है कि बंगाल की आत्मा से होकर गंगा प्रवाहित हो रही है। आज सुबह कोलकाता में मैंने हुगली नदी पर कुछ समय बिताया। मां गंगा को कृतज्ञता जताने का मौका भी मिला। पवित्र गंगा जल पूरी सभ्यता की चिरंतन चेतना को लेकर बहती है।

इसके साथ ही उन्होंने आगे लिखा कि हुगली नदी के किनारे पर खड़े होकर पश्चिम बंगाल के विकास और महान बंगाली समाज की समृद्धि के उद्देश्य से काम करने की अपनी प्रतिज्ञा को फिर से दोहराया। प्रधानमंत्री को गंगा नदी में नौका विहार करते देख नदी के दोनों किनारों पर आम लोगों की भीड़ जमा हो गयी थी।

मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों और नाव चलाने वाले माझियों के साथ उन्होंने बात भी की। गुरुवार को हावड़ा से वापस लौटते समय ब्रिज से गंगा का नजारा देखकर ही वह मंत्रमुग्ध हो गए थे। इस दृश्य की फोटो भी उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर शेयर की थी।

पहले झालमुड़ी और अब गंगा में नौका विहार ने एक बार फिर राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ा दी है। इसके साथ ही गंगा के किनारे खड़े होकर बंगाल का विकास करने की प्रधानमंत्री मोदी की प्रतिज्ञा पर कटाक्ष करते हुए विरोधी पार्टी तृणमूल ने नमामी गंगे परियोजना के आवंटन फंड का हिसाब मांगा है।

Articles you may like: