🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

क्या हार्दिक पांड्या से छीनी जाएगी मुंबई इंडियंस की कप्तानी?

2026 आईपीएल में खराब आंकड़े और रणनीतिक कमजोरियाँ बनीं बड़ी वजह

By प्रियंका महतो

Apr 24, 2026 13:10 IST

क्या हार्दिक पांड्या से छीनी जाएगी मुंबई इंडियंस की कप्तानी?

हार्दिक पांड्या की कप्तानी में टीम के कुछ अच्छे पल जरूर रहे है लेकिन निरंतरता की कमी साफ दिखाई देती है। किसने सोचा था कि चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस को वानखेड़े स्टेडियम में ही 103 रनों के बड़े अंतर से हरा देगी? पूरे मुंबई खेमे के लिए इस हकीकत को स्वीकार करना आसान नहीं है। चल रहे आईपीएल के 33वें मैच में चेन्नई ने अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी मुंबई को 103 रनों से पराजित किया।

नेतृत्व में बदलाव के बाद से पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस अभी तक अपनी पुरानी लय हासिल नहीं कर पाई है। हार्दिक पांड्या की कप्तानी में कुछ चमकदार क्षण जरूर आए लेकिन टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई। लंबे टूर्नामेंट जैसे आईपीएल को जीतने के लिए निरंतरता बेहद जरूरी होती है और इसी मोर्चे पर मुंबई बार-बार पीछे रह रही है। रोहित शर्मा की कप्तानी में पांच ट्रॉफी जीतने वाली यह टीम अब नई दिशा तलाश रही है इसी कारण कप्तानी को लेकर सवाल उठ रहे हैं और यह चर्चा तेज हो गई है कि टीम की जिम्मेदारी किसे सौंपी जानी चाहिए।

हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन

हार्दिक पांड्या को 15 दिसंबर 2023 को टीम का कप्तान घोषित किया गया था। 2024 के आईपीएल में उन्होंने पहली बार टीम की कमान संभाली। उस सीजन में मुंबई 10वें स्थान पर रही (14 मैच, 4 जीत और जीत प्रतिशत 28.5%)। इसके बाद 2025 में टीम तीसरे स्थान पर रही (16 मैच, 9 जीत और जीत प्रतिशत 56.2%) और प्लेऑफ में पहुंची लेकिन फाइनल में जगह नहीं बना सकी। वर्तमान सीजन में अब तक टीम की स्थिति कमजोर नजर आ रही है और मौजूदा प्रदर्शन को देखते हुए प्लेऑफ में पहुंचना भी कठिन लग रहा है।

दबाव में रणनीतिक अस्थिरता

मुंबई इंडियंस आईपीएल की सबसे सफल टीमों में से एक है इसलिए इस टीम का नेतृत्व संभालना आसान नहीं है लेकिन हार्दिक पांड्या के फैसलों की बार-बार आलोचना हुई है। दबाव के क्षणों में गेंदबाजी बदलाव, फील्ड सेटिंग और मैच की स्थिति को समझने में निरंतरता की कमी देखी गई है। वह एक अनुभवी और प्रतिभाशाली खिलाड़ी है लेकिन कप्तान के रूप में अभी तक वैसा प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं।

2026 आईपीएल में व्यक्तिगत प्रदर्शन

इस सीजन में बल्ले से हार्दिक पांड्या का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा है। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में वह केवल 1 रन बनाकर आउट हो गए। सात मैचों की सात पारियों में उन्होंने कुल 97 रन बनाए हैं।

2026 आईपीएल में अब तक उनका प्रदर्शन इस प्रकार रहा है-

कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ (MI vs KKR): नाबाद 18 रन, गेंदबाजी 1/39 (वानखेड़े)

राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ (MI vs RR): 9 रन, 0/17 (गुवाहाटी)

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ (MI vs RCB): 40 रन, 1/39 (वानखेड़े)

पंजाब किंग्स के खिलाफ (MI vs PBKS): 14 रन, 0/39 (वानखेड़े)

गुजरात टाइटंस के खिलाफ (MI vs GT): 15 रन, 1/18 (अहमदाबाद)

चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ (MI vs CSK): 1 रन, 0/38 (वानखेड़े)

अगर मुंबई इंडियंस इस सीजन में प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाती है, तो कप्तान के रूप में हार्दिक पांड्या की भूमिका पर और भी बड़े सवाल खड़े हो सकते हैं।

Articles you may like: