गुरुवार की शाम तक रिकॉर्ड मतदान के साथ पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का पहला चरण संपन्न हो चुका है। लेकिन इस बीच गंभीर आरोपों से घिरे हिंगलगंज थाना के ऑफिसर इन चार्ज को गुरुवार की रात को ही चुनाव आयोग ने निलंबित कर दिया है।
ओसी संदीप सरकार के खिलाफ पक्षपात करने का आरोप लगाया गया था। निलंबन के साथ ही आयोग ने संदीप सरकार के खिलाफ विचारविभागीय जांच के आदेश भी दिए हैं।
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार हिंगलगंज के ओसी के खिलाफ चुनाव आयोग के पास शिकायत जमा हुई थी। इसके बाद ही पक्षपात, स्थानीय असामाजिक तत्वों के साथ गुप्त संपर्क और सभी पार्टियों को समान रूप से मौका न देने के आरोप में उन्हें निलंबित करने का आदेश देते हुए चुनाव आयोग के सचिव सुजीत कुमार मिश्र ने राज्य के मुख्य सचिव को पत्र भेजा।
इस पत्र में संदीप सरकार को अविलंब निलंबित करने का आदेश देते हुए आयोग ने लिखा कि हिंगलगंज के ओसी संदीप सरकार को अविलंब पद से हटाना होगा। शुक्रवार की सुबह 11 बजे तक राज्य सरकार से इस आदेश का पालन कर रिपोर्ट भेजने के लिए कहा गया था।
संदीप सरकार को निलंबित करने के बाद हिंगलगंज के ओसी के पद पर किसे भेजा जाएगा, यह अभी तक तय नहीं किया गया है। इस पत्र में किसी के नाम पर कोई सिफारिश भी नहीं की गयी है। हालांकि राज्य सरकार के जल्द ही उस पद पर किसी को नियुक्त करने का निर्देश जरूर दिया गया है।