🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

विनोद कांबली ने यूं मनाया जिगरी दोस्त का बर्थडे

कांबली ने शिवाजी पार्क में अभ्यास कर रहे बच्चे और उभरते हुए क्रिकेटरों के साथ समय बिताया और उनके साथ आइसक्रीम बांटकर अपनी खुशी साझा की।

By लखन भारती

Apr 24, 2026 21:34 IST

महान भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर आज अपना 53वां जन्मदिन मना रहे हैं। सचिन के साथ-साथ उनके चाहने वाले भी इस दिन को सेलिब्रेट कर रहे हैं। इस दौरान सचिन तेंदुलकर के बचपन के दोस्त और जिनके साथ उनके क्रिकेट करियर की शुरुआत की, विनोद कांबली भी बधाई देना नहीं भूले। कांबली ने एक बेहद ही खास अंदाज में सचिन तेंदुलकर को उनके जन्मदिन की बधाई दी। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

दरअसल, वायरल वीडियो में विनोद कांबली मुंबई के शिवाजी पार्क मैदान में पहुंचे। यह वही मैदान है जहां कांबली और सचिन ने अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत की थी। वीडियो में कांबली ने सचिन को बधाई देते हुए कहा, ‘ऐ पार्टनर, आज सेलिब्रेशन तो बनता है। हैप्पी बर्थडे, पार्टनर।’ कांबली ने कहा, ‘यह मेरे लिए एक खास दिन है। मुझे हर 24 अप्रैल को अपने साथी सचिन तेंदुलकर की याद आती है। हमारे शुरुआती दिनों की हमारी यादें बेहद शानदार हैं-एक साथ जन्मदिन मनाना और मैदानों पर मिलकर छा जाना। हमारा यह रिश्ता अटूट है।’

कांबली के साथ खड़े हैं सचिन

विनोद कांबली काफी समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। पिछले साल कांबली का एक वीडियो काफी चर्चा में रहा था, जिसमें वे काफी कमजोर नजर आ रहे थे और उन्हें चलने में भी परेशानी हो रही थी। उस वीडियो के बाद क्रिकेट प्रेमियों और पूर्व खिलाड़ियों ने उनकी आर्थिक मदद की अपील की थी। हाल में भी कांबली के स्वास्थ्य को लेकर ऐसी ही खबरें आईं। रिपोर्ट्स की मानें तो इस मुश्किल समय में सचिन तेंदुलकर अपने दोस्त की मदद के लिए आगे आए। कांबली के दोस्त मार्कस कूटो ने एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया है, जिसका उद्देश्य कांबली को आर्थिक और भावनात्मक सहारा देना है। सचिन तेंदुलकर भी इस ग्रुप का हिस्सा बन गए हैं, जिसमें कई पूर्व क्रिकेटर और शुभचिंतक शामिल हैं।

कैसा है कांबली का स्वास्थ्य ?

कांबली के दोस्त मार्कस कूटो ने हाल ही में बताया था, ‘डॉक्टरों ने ब्रेन स्ट्रोक का खतरा जताया है। हालांकि, कांबली ने शराब पीना छोड़ दिया है, लेकिन वे कभी-कभी सिगरेट मांग लेते हैं, जो उनकी सेहत के लिए खतरनाक है।’ कूटो के अनुसार, कांबली की याददाश्त अब पहले जैसी नहीं रही। पिछले छह महीनों में स्थिति बिगड़ी तो नहीं है, लेकिन वे बहुत कुछ भूल जाते हैं। कभी-कभी उन्हें चीजें याद आ जाती हैं, वरना उनके लिए सब कुछ याद रखना मुश्किल होता है। कूटो ने कहा, ‘कांबली कभी-कभी बाहर जाने पर राहगीरों या ऑटो वालों से सिगरेट मांग लेते हैं। लोग उन्हें ‘महान विनोद कांबली’ समझकर सिगरेट दे तो देते हैं, लेकिन उन्हें नहीं पता कि यह उनके लिए कितना नुकसानदेह है।’

वहीं दूसरी ओर, कांबली की पत्नी एंड्रिया हेविट ने इन चिंताओं को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि विनोद अब ठीक हैं और उनकी सेहत में सुधार हो रहा है। रिपोर्ट्स की मानें तो कांबली अब पहले से बेहतर चल-फिर पा रहे हैं। उन्होंने हाल ही में एक विज्ञापन की शूटिंग भी की है। वे अपना ज्यादातर समय परिवार के साथ बिता रहे हैं और नियमित रूप से मेडिकल चेकअप करवा रहे हैं।

Articles you may like: