श्रीनगरः श्रीनगर में शुक्रवार को एक होटल में लिफ्ट गिरने की घटना में कम से कम छह पर्यटक घायल हो गए। सभी घायल पर्यटक बंगलुरु के निवासी बताए जा रहे हैं और घटना के समय शहर के हैदरपोरा इलाके स्थित Hotel Arison Luxury में ठहरे हुए थे। अधिकारियों के मुताबिक, अचानक लिफ्ट गिरने से पर्यटकों को पैरों और शरीर के निचले हिस्से में चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को Bone and Joint Hospital में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घायलों की पहचान वेंकटेश (65), डी. मंगुला (54), कुशल्ला (18), पंकजा (16), वेंकटलक्ष्मम्मा (60) और सौभाग्य (60) के रूप में हुई है। ये सभी पर्यटक छुट्टियां मनाने के लिए कश्मीर आए थे और अस्थायी रूप से होटल में ठहरे हुए थे। फिलहाल लिफ्ट गिरने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। होटल प्रबंधन की ओर से भी इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कहीं इसमें लापरवाही तो नहीं बरती गई।
सुरक्षा पर सवाल
इस हादसे ने पर्यटन स्थलों पर स्थित होटलों में सुरक्षा मानकों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासतौर पर ऐसे समय में जब गर्मी के मौसम की शुरुआत के साथ देशभर से बड़ी संख्या में पर्यटक कश्मीर का रुख कर रहे हैं, इस तरह की घटनाएं चिंता बढ़ाने वाली हैं।
सुहावना कश्मीर
इन दिनों कश्मीर घाटी में मौसम सुहावना बना हुआ है और तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास है, जिससे पर्यटकों की आवाजाही में इजाफा हुआ है। खासकर गुलमार्ग जैसे पर्यटन स्थलों पर बर्फ का आनंद लेने और केबल कार की सवारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। प्रशासन ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल घायलों के उपचार पर प्राथमिकता के आधार पर ध्यान दिया जा रहा है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।