🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

केजरीवाल के सरकारी बंगले को लेकर तीखा राजनीतिक टकराव

अरविंद केजरीवाल के नए आवास पर बीजेपी का हमला, ‘शिशमहल 2’ बताया

By प्रियंका महतो

Apr 25, 2026 15:45 IST

नई दिल्ली : दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नए सरकारी आवास को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने तीखा हमला बोला है। आम आदमी पार्टी (आप) में हाल ही में हुए राजनीतिक टूट के 24 घंटे भी पूरे नहीं हुए थे कि अब बीजेपी ने केजरीवाल के आवास को लेकर मोर्चा खोल दिया है। पार्टी ने इस आवास को ‘शिशमहल 2’ करार देते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। शनिवार को एक पत्रकार वार्ता में बीजेपी नेता प्रवेश वर्मा ने आरोप लगाया कि जनता के टैक्स के पैसे से अरविंद केजरीवाल के इस दूसरे सरकारी आवास का भी भव्य तरीके से इंटीरियर कराया गया है। उन्होंने इस दौरान कुछ तस्वीरें भी दिखाईं और कहा कि यह नया आवास भी ‘शिशमहल’ जैसी भव्यता का उदाहरण है। बीजेपी ने इसे ‘शिशमहल 2’ नाम दिया है।

पत्रकार वार्ता की शुरुआत में ही प्रवेश वर्मा ने अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला करते हुए उन्हें ‘दिल्ली का रहमान डाकू’ कहकर कटाक्ष किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री रहते हुए केजरीवाल ने सादगीपूर्ण जीवन का वादा किया था लेकिन वास्तविकता में वे विलासितापूर्ण जीवन जी रहे हैं। बीजेपी का कहना है कि यह मुद्दा जनता के साथ धोखाधड़ी जैसा है और इसकी पूरी जांच होनी चाहिए।

प्रवेश वर्मा ने 95 लोधी एस्टेट स्थित केजरीवाल के हालिया सरकारी आवास का उल्लेख करते हुए कुछ तस्वीरें भी पेश कीं। उन्होंने कहा, “यही है शिशमहल-2। कल (शुक्रवार) वे 95 लोधी स्टेट में शिफ्ट हुए जिन्होंने कहा था कि वे आम आदमी की तरह रहेंगे। जब मैं पहले शिशमहल में गया था तो मैं हैरान रह गया था कि इतनी आलीशान जगह में कोई कैसे रहता होगा। अब यह उससे भी ज्यादा भव्य है।

इसके अलावा उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली के मतदाताओं ने उन्हें हराकर बाहर कर दिया जिसके बाद अब वे पंजाब चले गए है और वहां की राजनीति में हस्तक्षेप कर रहे है जिससे भगवंत मान की सरकार पर दबाव बढ़ गया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि पंजाब के मुख्यमंत्री के आवास के आसपास स्थित कई सरकारी आवासों पर आप नेताओं का कब्जा है जिनमें सत्येंद्र जैन, संजय सिंह और मनीष सिसोदिया जैसे नेता शामिल हैं।

गौरतलब है कि ‘शिशमहल’ शब्द पहले भी केजरीवाल के सरकारी आवास को लेकर उठे विवाद से जुड़ा रहा है। बीजेपी का आरोप था कि मुख्यमंत्री आवास के नवीनीकरण में भारी खर्च किया गया और वहां अत्याधुनिक व लक्जरी सुविधाएं जोड़ी गईं जिसके बाद इसे ‘शिशमहल’ कहा जाने लगा। अब इसी संदर्भ में नए आवास को ‘शिशमहल 2’ बताया जा रहा है। वहीं आम आदमी पार्टी ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। पार्टी का कहना है कि बीजेपी द्वारा जारी की गई तस्वीरें फर्जी और भ्रामक हैं। पार्टी नेता संजय सिंह ने कहा कि बीजेपी राजनीतिक लाभ के लिए झूठा प्रचार कर रही है और जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।

आम आदमी पार्टी ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि इस तरह के आरोप जारी रहे तो वह कानूनी कार्रवाई करते हुए मानहानि का मुकदमा दायर कर सकती है। साथ ही पार्टी ने बीजेपी को चुनौती दी है कि यदि उनके आरोप सही हैं तो संबंधित आवास को सार्वजनिक रूप से दिखाया जाए और प्रमाण प्रस्तुत किए जाएं। इस पूरे मामले ने दिल्ली की राजनीति को और अधिक गरमा दिया है। एक ओर बीजेपी भ्रष्टाचार के आरोपों के साथ हमलावर है तो दूसरी ओर आम आदमी पार्टी इसे राजनीतिक साजिश और झूठा प्रचार बता रही है। आने वाले दिनों में इस विवाद के और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

Articles you may like: