मुंबई : रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी ने टीम पर बड़ा असर डाला है। प्वाइंट्स टेबल में आठवें स्थान पर मौजूद पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस इस सीजन में प्लेऑफ की दौड़ में काफी पीछे चल रही है। लगातार बल्लेबाजी में विफलता के कारण टीम संघर्ष कर रही है और कप्तानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ऐसे मुश्किल समय में टीम को कुछ राहत मिली है क्योंकि रोहित शर्मा की वापसी को लेकर अपडेट सामने आया है।
12 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैच में हैमस्ट्रिंग चोट लगने के बाद रोहित शर्मा पिछले तीन मुकाबलों से बाहर हैं। इसके बाद उन्होंने पंजाब किंग्स, गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच नहीं खेले।
लेकिन अब जानकारी सामने आई है कि वे 29 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में टीम में वापसी कर सकते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार रोहित शर्मा इस समय टीम के साथ पूरी तरह से अभ्यास कर रहे हैं। मुंबई इंडियंस के एक सदस्य ने भी संकेत दिया है कि रोहित पूरी तरह फिट होने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।
रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी का असर टीम के प्रदर्शन पर साफ दिखाई दिया है। जिन मैचों में वे नहीं खेले वहां मुंबई इंडियंस की बल्लेबाज़ी कमजोर रही। उनकी जगह युवा ओपनर दानिश मलयावड़ को मौका दिया गया लेकिन वह उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके। उन्होंने दो मैचों में केवल 2 रन बनाए। इतना ही नहीं दानिश के पास सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जैसे बड़े घरेलू टूर्नामेंट का अनुभव भी नहीं है जिससे चयन को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
इस सीजन की शुरुआत रोहित शर्मा के लिए अच्छी रही थी। उन्होंने पहले चार मैचों में 137 रन बनाए थे और एक बार ऑरेंज कैप भी हासिल की थी। लेकिन इसके बाद सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या जैसी प्रमुख बल्लेबाज़ी ताकत भी फॉर्म में नहीं दिखी। कप्तानी को लेकर भी आलोचना तेज हो गई है।
फिलहाल मुंबई इंडियंस ने सात में से केवल दो मैच जीते हैं और प्लेऑफ में पहुंचने की उनकी संभावना भी अनिश्चित बनी हुई है। ऐसे में टीम मैनेजमेंट और फैंस दोनों ही रोहित शर्मा की वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।