इजराइली और लेबनान के बीच एक दिन पहले ही युद्धविराम तीन सप्ताह के लिए बढ़ाने की घोषणा हुई है। हालांकि इसके बावजूद इस्राइली सेना और हिजबुल्ला के बीच लड़ाई जारी है। इजराइली रक्षा बलों ने कहा है कि उन्होंने दक्षिणी लेबनानी शहरों याटर और काफरा में हिजबुल्ला के ठिकानों पर रॉकेट हमले किए। इजराइल का आरोप है कि हिजबुल्ला के लड़ाके अभी भी इस्राइली सैनिकों और नागरिकों के लिए खतरा पैदा कर रहे हैं।
इजराइली हमलों में छह की मौत
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि दक्षिणी लेबनान में इजराइली हवाई हमले में कम से कम छह लोग मारे गए और दो अन्य घायल हो गए। वहीं हिजबुल्ला का कहना है कि उसने दक्षिणी लेबनान शहर राम्या में एक इजराइली बख्तरबंद गाड़ी को निशाना बनाया। हिजबुल्ला ने आरोप लगाया कि इजराइली सैनिकों ने दक्षिणी लेबनान में कुछ घरों को तबाह किया, जिसका बदला लेते हुए इजराइली सेना को निशाना बनाया गया।
हिजबुल्ला 1992 से लेबनान की राजनीति का हिस्सा रहा है और संसद व सरकार में इसकी भागीदारी रही है। यह संगठन सामाजिक सेवाएं, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सुविधाएं भी प्रदान करता है, जिससे इसे जनसमर्थन मिलता है।
एक दिन पहले ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि इजराइल और लेबनान तीन सप्ताह के लिए युद्धविराम बढ़ाने पर सहमत हुए हैं। उन्होंने कहा कि वे तीन सप्ताह तक गोलीबारी न करने पर सहमत हो गए हैं। हम उम्मीद करते हैं कि ऐसा ही होगा। बता दें कि ईरान के समर्थन में लेबनान स्थित हिजबुल्ला संगठन के लड़ाके इस्राइल पर हमले करते हैं। इसके जवाब में बीते दिनों इजराइल ने भी लेबनान में हिजबुल्ला के ठिकानों पर बम बरसाए। इस्राइल के इन हमलों में लेबनान में भी कई बेगुनाह लोगों की मौत हुई।