टोक्यो: सोमवार को जापान के उत्तर-पूर्वी और उत्तरी क्षेत्रों में 7.5 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। इसके बाद देश की मौसम एजेंसी ने सुनामी की चेतावनी जारी की है।भूकंप शाम 4:53 बजे आया और जापानी भूकंपीय तीव्रता पैमाने (7 में से) पर इसकी तीव्रता ऊपरी 5 दर्ज की गई। यह भूकंप जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में आया। पहले इसकी तीव्रता 7.4 आंकी गई थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 7.5 कर दिया गया।
इवाते प्रांत के कुजी बंदरगाह पर 80 सेंटीमीटर ऊंची सुनामी लहर देखी गई है। मौसम एजेंसी ने होक्काइडो, आओमोरी और इवाते प्रांतों के प्रशांत तटों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी करते हुए 3 मीटर तक ऊंची लहरों के तुरंत आने की आशंका जताई है।समाचार एजेंसी के अनुसार, मौसम विभाग ने पहले ही अगले एक सप्ताह तक इसी स्तर के भूकंप आने की चेतावनी दी है। भूकंप के बाद आओमोरी और मियागी प्रांतों के हिगाशिदोरी और ओनागावा परमाणु संयंत्रों तथा फुकुशिमा प्रांत के फुकुशिमा दाइची और दाइनी परमाणु संयंत्रों में किसी भी तरह की असामान्यता की सूचना नहीं मिली है।
जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची ने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील की है। भूकंप के कारण टोक्यो और शिन-आओमोरी के बीच तोहोकू शिंकानसेन बुलेट ट्रेन सेवा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।