बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान के दौरान बसीरहाट दक्षिण में पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे अभिषेक बनर्जी ने दूसरे चरण को लेकर भविष्यवाणी की है। शनिवार को प्रचार सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि दूसरे चरण के चुनाव में तृणमूल कांग्रेस डबल सेंचुरी पार करेगी। हालांकि तृणमूल को कितनी सीटें मिलेंगी इस बारे में उन्होंने कोई बयान नहीं दिया है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को हावड़ा में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने दावा किया था कि पहले चरण के चुनाव के बाद तृणमूल शतक लगाने वाली है।
बसीरहाट दक्षिण विधानसभा केंद्र के उत्तर गुलाइ चंडी मैदान तृणमूल प्रत्याशी सुरजीत मित्र के समर्थन में अभिषेक बनर्जी ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मैं जिम्मेदारी के साथ कह सकता हूं कि पहले चरण का मतदान परसो (23 अप्रैल) हो चुका है। तृणमूल सेंचुरी पार कर चुकी है। 29 अप्रैल को डबल सेंचुरी पार कर जाएगी। संख्या कहां जाकर रुकेगी, मुझे खुद भी नहीं पता।
Read Also | जंगीपुर के स्ट्रॉन्ग रुम में देर रात को बंद हुआ CCTV कैमरा तो विधायक ने लगाया षड्यंत्र का आरोप
गौरतलब है कि बसीरहाट लोकसभा केंद्र के अंतर्गत ही यह विधानसभा केंद्र आती है। वर्ष 2024 में लोकसभा चुनाव में इस सीट से तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी हाजी नुरुल ने जीत हासिल की थी। शनिवार को अभिषेक बनर्जी ने सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी मृत्यु के बाद इस सीट पर उपचुनाव क्यों नहीं करवाया गया?
भाजपा पर कटाक्ष करते हुए सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा कि लगभग दो साल हो गए हैं, जबरदस्ती चुनाव को रोक कर रखा गया है। ताकि इस लोकसभा केंद्र से कोई प्रतिनिधि संसद न जा सकें। अगर यहां चुनाव हुआ तो भाजपा का प्रत्याशी 5 लाख वोट से हारेगा।
अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाते हुए कहा कि इस सीट के निवासी पिछले लंबे समय से भैबला स्टेशन के पास अंडरपास निर्माण की मांग कर रहे थे। इस केंद्र पर उपचुनाव नहीं होने की वजह से इन समस्याओं के बारे में संसद में बात नहीं की जा सकी है।
अभिषेक बनर्जी ने शनिवार की सभा से सबको आश्वस्त करते हुए कहा कि मैं वादा करता हूं कि डायमंड हार्बर का सांसद होने के बावजूद आपलोगों की मांगों को संसद में रखूंगा। केंद्र सरकार अगर इस अंडरपास का निर्माण नहीं करती है तो जिस तरह अन्य परियोजनाओं का संचालन केंद्र की सहायता के बिना राज्य सरकार कर रही है, उसी तरह अंडर पास का निर्माण कैसे किया जाए यह भी हम देखेंगे।