नई दिल्ली : दिल्ली कैपिटल्स को पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच से पहले बड़ा झटका लगा है। शनिवार को होने वाले मुकाबले से ठीक पहले टीम के युवा खिलाड़ी साहिल पराख अभ्यास के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गए।
शुक्रवार शाम नेट प्रैक्टिस के दौरान 18 वर्षीय साहिल पराख बल्लेबाजी कर रहे थे तभी उनके चेहरे पर तेज चोट लगी। चोट इतनी गंभीर थी कि वह तुरंत जमीन पर बैठ गए और उनकी नाक से तेजी से खून बहने लगा। मौके पर मौजूद मेडिकल स्टाफ तुरंत उनकी मदद के लिए पहुंचे।
प्राथमिक उपचार के बाद साहिल को स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाया गया और एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें उन्हें घायल अवस्था में मैदान से ले जाते हुए देखा जा सकता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक चोट गंभीर होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती रखना पड़ा है और उनकी कई मेडिकल जांच व स्कैन किए गए हैं। हालांकि अभी तक दिल्ली कैपिटल्स की ओर से उनकी स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। इस घटना के बाद से ही फैंस और क्रिकेट प्रेमियों के बीच चिंता का माहौल है।
साहिल पराख को आईपीएल 2026 की नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स ने 30 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था। वह बाएं हाथ के बल्लेबाज़ हैं और पार्ट-टाइम गेंदबाज़ के रूप में लेग स्पिन भी कर सकते हैं।
घरेलू क्रिकेट में उन्होंने महाराष्ट्र अंडर-19 टीम के लिए खेलते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। इसके अलावा महाराष्ट्र प्रीमियर लीग में उन्होंने आठ मैचों में 202 रन बनाकर ध्यान आकर्षित किया था। उन्हें सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेलने का अनुभव भी है।
ऐसे में इस युवा खिलाड़ी की चोट ने दिल्ली कैपिटल्स की चिंताओं को और बढ़ा दिया है खासकर तब जब टीम एक महत्वपूर्ण मुकाबले से पहले मैदान में उतरने वाली है।