नई दिल्लीः पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच भारत सरकार ने देश की ऊर्जा आपूर्ति को लेकर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में होने का दावा किया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि घरेलू LPG, PNG और CNG की 100 प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित की गई है और देश में किसी प्रकार की कमी नहीं है।
सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों या आशंकाओं के चलते घबराकर ईंधन की अनावश्यक खरीदारी न करें। मंत्रालय ने कहा है कि सभी आवश्यक ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता है और सप्लाई चेन सामान्य रूप से काम कर रही है।
LPG और पेट्रोल-डीजल की स्थिति
सरकारी जानकारी के अनुसार घरेलू LPG सप्लाई पूरी तरह स्थिर है और देशभर में कहीं भी गैस की कमी या “ड्राई आउट” की स्थिति नहीं है। ऑनलाइन बुकिंग लगभग 99 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है और 94.5 प्रतिशत से अधिक डिलीवरी स्थानों पर Delivery Authentication Code (DAC) प्रणाली लागू की गई है।
देश में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और आपूर्ति व्यवस्था सामान्य बनी हुई है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि PSU ऑयल कंपनियों के रिटेल आउटलेट्स पर ईंधन की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
वाणिज्यिक आपूर्ति और सख्त निगरानी
वाणिज्यिक LPG की आपूर्ति को चरणबद्ध तरीके से बहाल किया गया है और अब यह पूर्व संकट स्तर के लगभग 70 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। अस्पतालों, फार्मा, कृषि और स्टील जैसे आवश्यक क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जा रही है।
सरकार ने जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए देशभर में सख्त अभियान चलाया है। अब तक 2400 से अधिक छापेमारी की गई हैं, 309 डिस्ट्रीब्यूटर्स पर जुर्माना लगाया गया है और 70 डिस्ट्रीब्यूटर्स को निलंबित किया गया है।
ऊर्जा सुरक्षा, वैकल्पिक ईंधन
सरकार वैकल्पिक ईंधन स्रोतों को भी बढ़ावा दे रही है। केरोसिन और कोयले की आपूर्ति बढ़ाई गई है और मार्च के बाद से 5.36 लाख नए PNG कनेक्शन सक्रिय किए गए हैं। सभी रिफाइनरियां उच्च क्षमता पर काम कर रही हैं और घरेलू उत्पादन को भी बढ़ाया गया है।
शिपिंग मंत्रालय के अनुसार समुद्री संचालन सामान्य है और भारतीय जहाज एवं नाविक सुरक्षित हैं। विदेश मंत्रालय ने ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने और सुरक्षित मार्गों से लौटने की सलाह दी है, जबकि अब तक 2,443 भारतीयों को सुरक्षित निकाला जा चुका है।
सरकार ने कहा है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे घबराहट में खरीदारी न करें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें।