🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

17 साल में बैन से लेकर RCB के मैच विनर तक रासिख दर की प्रेरक कहानी

जम्मू-कश्मीर के युवा तेज़ गेंदबाज़ ने मुश्किलों के बीच बनाया आईपीएल में नाम।

By शिखा सिंह

Apr 25, 2026 19:41 IST

नई दिल्ल : आईपीएल में इस समय सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाले युवा तेज गेंदबाजों में से एक हैं रासिख दर। लेकिन उनकी यह सफलता किसी आसान रास्ते से नहीं आई है। उनके करियर की शुरुआत जितनी प्रेरणादायक थी उतनी ही मुश्किलों और उतार-चढ़ाव से भरी रही।

साल 2018 में जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के आशमोजी गांव से एक किशोर बड़े सपनों के साथ श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम पहुंचा था। उसी समय भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के निर्देश पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान जम्मू-कश्मीर में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की तलाश कर रहे थे। ट्रायल में लगभग 70 खिलाड़ियों के बीच से रासिख दर को चुना गया।

उन्होंने तीन गेंदें फेंकी थीं-स्लो बॉल, शॉर्ट बॉल और यॉर्कर। शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद उनका चयन नहीं होगा, लेकिन बाद में इरफान पठान ने उन्हें चुना। इसके कुछ समय बाद उन्हें मुंबई इंडियंस के ट्रायल में भी बुलाया गया जहाँ भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान मौजूद थे।

हालांकि इसी दौरान उनके करियर पर बड़ा झटका लगा। उम्र से संबंधित गलत जानकारी देने के आरोप में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने उन्हें दो साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया। यह समय उनके लिए बेहद कठिन था लेकिन मुंबई इंडियंस ने उनका साथ नहीं छोड़ा और उन्हें अपने ट्रेनिंग सिस्टम में अभ्यास करने की पूरी सुविधा दी।

प्रतिबंध के बाद रासिख दर ने आईपीएल में वापसी की। उन्हें पहले कोलकाता नाइट राइडर्स ने मौका दिया लेकिन वहां ज्यादा खेलने का अवसर नहीं मिला। इसके बाद 2024 में वह दिल्ली कैपिटल्स से जुड़े जहां उन्होंने अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया। उन्होंने 8 मैचों में 9 विकेट लिए और डेथ ओवरों में अपनी क्षमता साबित की।

2025 में उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने अपनी टीम में शामिल किया। हालांकि शुरुआती मैचों में उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले। लेकिन मौजूदा सीजन में कप्तान रजत पाटीदार ने जश हेजलवुड की अनुपस्थिति में उन पर भरोसा जताया।

रासिख दर ने इस भरोसे को सही साबित किया। उन्होंने तीन मैचों में 5 विकेट हासिल किए हैं जिसमें लखनऊ के खिलाफ एक मैच में चार विकेट का शानदार स्पेल शामिल है। 26 वर्षीय यह तेज गेंदबाज अब आईपीएल में लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।

17 साल की उम्र में प्रतिबंध झेलने के बावजूद जिस तरह रासिख दर ने अपने करियर को संभाला और वापसी की उसने क्रिकेट प्रशंसकों का दिल जीत लिया है।

Articles you may like: