राजस्थान के अजमेर जिले से मानवीय रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां आदर्श नगर थाना में तांत्रिक विद्या की आड़ में एक महिला के साथ शारीरिक शोषण करने की कोशिश की गई। चौंकाने वाली बात यह है कि इस घिनौने कृत्य में पीड़िता के पति और जेठ ने भी तांत्रिक का साथ दिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
'पुनर्जन्म' का डर दिखाकर जाल में फंसाया
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि पीड़िता के जरिए दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, तांत्रिक योगेश ने उसे अपने जाल में फंसाने के लिए 'पुनर्जन्म का दोष' होने का डर दिखाया। अपनी बातों में झांसा देकर दोष का निवारण करने के लिए जोर डाला। इसी दोष निवारण के नाम पर तांत्रिक महिला को एक एकांत कमरे में ले गया, जहां उसने महिला के साथ छेड़छाड़ और गलत हरकत करने की कोशिश की।
विरोध करने पर की मारपीट
महिला ने आगे बताया कि इस दौरान जब उसने आपबीती अपने पति और जेठ को बताई, तो उन्होंने उसे बचाने के बजाय तांत्रिक का ही पक्ष लिया और महिला के साथ दुर्व्यवहार किया। घटना के बाद जब पीड़िता ने अपने पीहर पक्ष को इसकी पूरी जानकारी दी, तो परिजन उसके ससुराल पहुंचे, जहां आरोपियों ने भी उनके साथ भी मारपीट की।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
इसके बाद पीड़िता ने अपने पति, जेठ और तांत्रिक के खिलाफ आदर्श नगर थाने में मामला दर्ज कराया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की आगे की कार्रवाई को लेकर अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।