नई दिल्ली : दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से ज्यूरिख जाने वाली स्विस इंटरनेशनल एयर लाइन्स की एक उड़ान में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। इंजन में खराबी आने के बाद आग लगने के कारण उड़ान को रद्द करना पड़ा। आपात स्थिति में सभी यात्रियों को विमान से उतारा गया। इस घटना में 6 यात्री घायल हो गए।
समाचार एजेंसी रॉयटर्स और TOI की रिपोर्ट के अनुसार एलएक्स147 नंबर की यह उड़ान एयरबस ए330 थी। विमान में कुल 232 यात्री सवार थे जिनमें 4 बच्चे भी शामिल थे। इसके अलावा क्रू सदस्य भी मौजूद थे। शनिवार देर रात यह विमान रनवे पर टेक-ऑफ कर रहा था। उसी समय एक इंजन में समस्या उत्पन्न हो गई जिसके तुरंत बाद उसमें आग लग गई। फ्लाइट ट्रैकिंग से मिली जानकारी के मुताबिक उस समय विमान की गति लगभग 104 नॉट थी।
स्थिति को भांपते हुए पायलटों ने तुरंत टेक-ऑफ रद्द कर दिया। इसके बाद आपातकालीन प्रक्रियाएं लागू की गईं। यात्रियों और क्रू सदस्यों को इमरजेंसी स्लाइड के माध्यम से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान 6 यात्री घायल हो गए जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
एयरलाइन की ओर से बताया गया कि सभी क्रू सदस्य सुरक्षित हैं। स्विस इंटरनेशनल एयर लाइन्स ने एक बयान में कहा दिल्ली में एलएक्स147 उड़ान के साथ एक घटना घटी। टेक-ऑफ के दौरान एक इंजन में समस्या आई। एहतियात के तौर पर विमान को खाली कराया गया।
एयरलाइन ने यह भी बताया कि प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक यात्रा की व्यवस्था की जा रही है। जरूरत पड़ने पर होटल में ठहरने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। यात्रियों से लगातार संपर्क बनाए रखा गया है। घटना की जांच भी शुरू कर दी गई है। एयरलाइन के तकनीकी विशेषज्ञ दिल्ली पहुंचकर विमान की जांच करेंगे। इंजन में खराबी की वजह का पता लगाया जाएगा। घटना के कारण संबंधित रनवे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है जिसे विमान हटाए जाने के बाद फिर से चालू किया जाएगा।