चेन्नई : वर्तमान इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में सभी टीमें अब तक सात-सात मुकाबले खेल चुकी हैं लेकिन अब तक महेंद्र सिंह धोनी को मैदान पर नहीं देखा गया है। चोट के कारण वे लंबे समय से बाहर थे लेकिन अब उन्होंने पूरी तरह फिटनेस हासिल कर ली है।
इसके बावजूद वह मैदान पर उतरने के इच्छुक नहीं हैं और यही बड़ी खबर बनकर सामने आई है। सवाल उठ रहा है कि क्या रविवार को भी गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले में वह नहीं खेलेंगे? और अगर वह फिट हैं तो फिर खेलने से इनकार क्यों कर रहे हैं?
फिट होकर भी खेलने से इनकार क्यों कर रहे हैं धोनी?
इस समय चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन धीरे-धीरे पटरी पर लौट रहा है। टीम ने शुरुआती तीन मैच लगातार गंवाने के बाद वापसी की है और पिछले चार में से तीन मुकाबले जीत चुकी है। विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन अच्छी फॉर्म में हैं और टीम छह अंकों के साथ अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है।
ऐसे में अगर महेंद्र सिंह धोनी टीम में वापसी करते हैं तो मौजूदा संयोजन और स्थिरता पर असर पड़ सकता है। यही कारण है कि वे टीम के संतुलन को बिगाड़ना नहीं चाहते। यह निर्णय टीम मैनेजमेंट का नहीं बल्कि पूरी तरह महेंद्र सिंह धोनी का व्यक्तिगत फैसला बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार वे टीम के हित को प्राथमिकता देते हुए फिलहाल खेलने से पीछे हटे हैं।
हालांकि इस पर अभी तक चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।
मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा की धोनी लगातार बेहतर हो रहे हैं। वह चोट से रिकवरी कर रहे हैं और उनसे जो भी कहा जा रहा है वह सब कर रहे हैं।
रविवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ होने वाले मुकाबले में फैंस उन्हें देखने की उम्मीद लगाए बैठे हैं लेकिन मौजूदा स्थिति के अनुसार महेंद्र सिंह धोनी खुद खेलने के इच्छुक नहीं हैं।
पहले ही यह स्पष्ट किया जा चुका है कि उन्हें इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में भी मैदान में उतारने की संभावना नहीं है। यदि वे खेलते हैं तो टीम को युवा खिलाड़ी कार्तिक शर्मा को बाहर बैठाना पड़ सकता है।