दूसरे चरण के विधानसभा चुनाव को लेकर कोलकाता व आसपास के इलाके में राजनीतिक पारा चढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में हावड़ा में तृणमूल और भाजपा समर्थकों के बीच नारेबाजी को लेकर काफी तनावपूर्ण माहौल बन गया। रविवार की सुबह हावड़ा से भाजपा प्रत्याशी उमेश राय के समर्थन में भाजपा सांसद व एक्टर रवि किशन ने रोड शो किया।
रोड शो जैसे ही लिलुआ के बी. रोड पर पहुंचा उसी समय से पूरा माहौल तनावपूर्ण बन गया। खासतौर पर तृणमूल के चुनावी ऑफिस के पास रोड शो के पहुंचने पर 'जय बांग्ला' बनाम ' जय श्रीराम' नारों का युद्ध ही होने लगा।
परिस्थिति को संभालने के लिए केंद्रीय बल के जवानों को आगे आना पड़ा। इस दौरान उन्हें लाठी उठाकर दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं को डराते हुए भी देखा गया।
Read Also | बंगाल में क्यों कहा जा रहा है कि दूसरे चरण का चुनाव ही करेगा किस्मत का फैसला? क्या होगा सियासी समीकरण?
गौरतलब है कि राज्य में दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा। सोमवार की शाम को 5 बजे से चुनाव प्रचार बंद कर दिया जाएगा। उससे पहले आज आखिरी रविवार को सभी पार्टियों ने एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है। विभिन्न राज्यों से भाजपा के नेता पहले ही बंगाल पहुंच चुके हैं। इसके साथ ही जुलूस, बैठक से लेकर रैली तक का सिलसिला जारी है।
उमेश राय के समर्थन में बंगाल आए रवि किशन ने हावड़ा में रोड शो किया। उत्तर हावड़ा के वार्ड नंबर 7 पर जैसे ही उनका रोड शो पहुंचा, आरोप है कि 'जय बांग्ला' का नारा लगने लगा। पलटवार करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी 'जय श्री राम' का नारा लगाया। सिर्फ इतना ही नहीं बल्कि इसके साथ ही 'चोर-चोर' का नारा भी लगाया गया। दोनों पक्षों के बीच बहसबाजी के साथ ही मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
परिस्थिति को संभालने के लिए केंद्रीय बल के जवान मौके पर पहुंचे। आरोप है कि केंद्रीय बल के जवानों ने दोनों पक्षों को शांत करवाने के लिए लाठीचार्ज भी किया। हालांकि कुछ देर बाद परिस्थिति सामान्य हो गयी। बताया जाता है कि पुलिस और केंद्रीय बल के जवानों ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है।