चेन्नई : रविवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में संजू सैमसन ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। शुरुआत भले ही इस सीजन में उनकी अच्छी नहीं रही थी लेकिन अब संजू सैमसन शानदार फॉर्म में लौट चुके हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए उन्होंने इस सीजन में पहले ही दो शतक लगा दिए हैं और महेंद्र सिंह धोनी की अनुपस्थिति में टीम को संभाला है। हालांकि इस मैच में वह केवल 15 गेंदों में 11 रन बनाकर आउट हो गए लेकिन इसी छोटी पारी में उन्होंने एक बड़ा इतिहास रच दिया।
संजू सैमसन ने रचा नया कीर्तिमान
इस छोटी सी पारी के दौरान ही संजू सैमसन ने अपने आईपीएल करियर के 5000 रन पूरे कर लिए। वह दुनिया के दसवें ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं जिन्होंने इस लीग में 5000 रन का आंकड़ा छुआ है। इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्होंने 180 पारियों में 3555 गेंदों का सामना किया।
इसके साथ ही उन्होंने एक नया रिकॉर्ड भी बना दिया-आईपीएल में सबसे तेज 5000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाजों में वह सबसे आगे निकल गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड सुरेश रैना के नाम था जिन्होंने 3620 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी।
संजू सैमसन ने इस मामले में केएल राहुल और महेंद्र सिंह धोनी को भी पीछे छोड़ दिया। कुल मिलाकर वह तीसरे सबसे तेज बल्लेबाज हैं-उनसे आगे केवल एबी डिविलियर्स और डेविड वॉर्नर हैं। पारियों के हिसाब से वह सातवें सबसे तेज बल्लेबाज बने हैं।
एलीट लिस्ट में बनाई जगह
संजू सैमसन ने एक और खास उपलब्धि हासिल की है। आईपीएल में 5000 से ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों में उनका स्ट्राइक रेट सबसे ज्यादा है। उन्होंने 140.59 के स्ट्राइक रेट से यह उपलब्धि हासिल की है।
इसके साथ ही वह एक एलीट लिस्ट में शामिल हो गए हैं। एबी डिविलियर्स के बाद वह आईपीएल इतिहास के दूसरे ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं जिन्होंने 140 से अधिक स्ट्राइक रेट के साथ 5000 से ज्यादा रन बनाए हैं।