लखनऊ : लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेइंग इलेवन को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हाल ही में टीम ने अपने पिछले मैच में जीत दर्ज कर सीजन में पहली सफलता हासिल की है और अब कप्तान अजिंक्य रहाणे की अगुवाई में टीम एक बार फिर चुनौती के लिए तैयार है।
इस मैच से पहले टीम को बड़ा बूस्ट मिला है क्योंकि 18 करोड़ रुपये के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना टीम से जुड़ गए हैं। उनके खेलने की स्थिति को लेकर लगभग तय माना जा रहा है कि वे लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ डेब्यू कर सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो एक विदेशी खिलाड़ी को बाहर बैठना पड़ेगा। इसके साथ ही मिडिल ऑर्डर को मजबूत करने के लिए एक और बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
पथिराना के खेलने की स्थिति में टीम के विदेशी संयोजन पर सीधा असर पड़ेगा। ऐसे में ओपनिंग में भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है। दो मैचों में खास प्रभाव न छोड़ पाने वाले टिम सेफर्ट को बाहर किया जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो कप्तान अजिंक्य रहाणे के साथ सुनिल नरेन को ओपनिंग में भेजा जा सकता है।
दूसरे बड़े बदलाव के तौर पर एक और विदेशी खिलाड़ी को बाहर बैठाया जा सकता है। लखनऊ की पिच पर स्पिनरों को मदद मिलने की संभावना है, इसलिए रचिन रविंद्र को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है। इससे न केवल बल्लेबाजी मजबूत होगी बल्कि टॉप ऑर्डर को भी स्थिरता मिलेगी। साथ ही वे गेंदबाजी में भी सुनिल नरेन और वरुण चक्रवर्ती के साथ अहम भूमिका निभा सकते हैं।
इस स्थिति में रोवमैन पॉवेल को बाहर किया जा सकता है क्योंकि पथिराना के आने के बाद अतिरिक्त पेस ऑलराउंडर की जरूरत कम हो जाएगी। वहीं कैमरन ग्रीन को भी टीम में बनाए रखा जा सकता है। बाकी टीम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
संभावित प्लेइंग इलेवन इस प्रकार हो सकती है :
सुनिल नरेन
अजिंक्य रहाणे
रचिन रविंद्र
कैमरन ग्रीन
अंगकृष रघुवंशी
रिंकू सिंह
अनुकूल रॉय
रामनदीप सिंह
मथीशा पथिराना
वैभव अरोड़ा
कार्तिक त्यागी।
इम्पैक्ट खिलाड़ी के रूप में वरुण चक्रवर्ती को शामिल किया जा सकता है।