लिवरपूल : मोहम्मद सलाह को इंग्लिश प्रीमियर लीग में क्रिस्टल पैलेस के खिलाफ मैच के दौरान हैमस्ट्रिंग की चोट लगी जिसके बाद उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा। इस सीजन में लिवरपूल एफसी का प्रदर्शन पहले ही अच्छा नहीं रहा है। टीम यूईएफए चैंपियंस लीग से पहले ही बाहर हो चुकी है एफए कप और लीग कप जीतने की संभावना भी समाप्त हो चुकी है।
प्रीमियर लीग खिताब की दौड़ से भी टीम बाहर है। ऐसे में अब उनका मुख्य लक्ष्य अगले सीजन यूईएफए चैंपियंस लीग के लिए टॉप चार में जगह बनाना है लेकिन इसी बीच सलाह की चोट ने बड़ा संकट खड़ा कर दिया है।
पूरे सीजन से बाहर हुए मोहम्मद सलाह
लिवरपूल एफसी की ओर से अभी तक आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है लेकिन मिस्र की राष्ट्रीय टीम के निदेशक इब्राहिम हसन ने उनकी चोट की पुष्टि की है। उन्होंने बताया की मोहम्मद सलाह को हैमस्ट्रिंग में चोट लगी है। इलाज और रिकवरी के लिए उन्हें कम से कम चार सप्ताह तक बाहर रहना होगा।
इसका मतलब है कि वे प्रीमियर लीग के बाकी बचे किसी भी मैच में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। इंग्लिश प्रीमियर लीग में लिवरपूल के चार मैच बचे हैं-चेल्सी और ब्रेंटफोर्ड के खिलाफ घरेलू मुकाबले, जबकि मैनचेस्टर यूनाइटेड और एस्टन विला के खिलाफ बाहर के मैच। सीजन का आखिरी मुकाबला 24 मई को ब्रेंटफोर्ड के खिलाफ घरेलू मैदान पर खेला जाएगा।
क्या लिवरपूल जर्सी में खेल लिया आखिरी मैच?
आर्ने स्लॉट जो लिवरपूल एफसी के मुख्य कोच हैं उन्होने भी संकेत दिया है कि स्कैन रिपोर्ट के बाद ही चोट की गंभीरता पूरी तरह स्पष्ट होगी। हालांकि उन्होंने यह स्वीकार किया कि जिस तरह सलाह मैदान से बाहर गए उससे उनके इस सीजन में दोबारा खेलने की संभावना बेहद कम है।
मोहम्मद सलाह 2017 में लिवरपूल से जुड़े थे और अब तक 435 मैचों में 235 गोल कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने क्लब के लिए कई महत्वपूर्ण ट्रॉफियां भी जीती हैं। लेकिन नौ साल के लंबे सफर के अंत पर यह चोट एक बड़ा मोड़ साबित हो सकती है।
विश्व कप को लेकर उम्मीद
हालांकि लिवरपूल के लिए उनका यह सीजन लगभग समाप्त माना जा रहा है लेकिन मिस्र की राष्ट्रीय टीम को उम्मीद है कि वे आगामी फीफा विश्व कप से पहले पूरी तरह फिट हो जाएंगे। इब्राहिम हसन ने यह भी कहा कि मोहम्मद सलाह समय पर फिट हो जाएंगे।
इजिप्ट को विश्व कप के ग्रुप सी में रखा गया है जहां उसका सामना बेल्जियम, ईरान और न्यूजीलैंड से होगा।