जैसलमेर (राजस्थान) : थार मरुस्थल इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है। खास तौर पर जैसलमेर जिले में कई दिनों से सूरज आग बरसा रहा है और गर्मी अपने चरम पर पहुँच चुकी है। रविवार सुबह से ही लगातार तेज़ और गर्म हवाएँ चल रही हैं।
सुबह 11 बजे के बाद तेज़ धूप के साथ लू के थपेड़ों ने हालात और भी कठिन कर दिए। मौसम विभाग के अनुसार आज अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चिलचिलाती धूप के कारण दिन में लोगों की आवाजाही और यातायात में स्पष्ट कमी देखी गई।
सीमावर्ती इलाकों में कई दिनों से आसमान से आग बरसने जैसे हालात बने हुए हैं, जिससे दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है। लोग गर्मी से बचने के लिए तरह-तरह के उपाय कर रहे हैं। आम लोग हों या खास, हर कोई इस तपिश से परेशान है। भीषण गर्मी और लू से राहत पाने के लिए लोग ठंडे पानी की तलाश में भटकते दिख रहे हैं। यहां तक कि रेगिस्तान के जहाज़ कहे जाने वाले ऊँट भी तालाबों के पास इकट्ठा होकर ठंडक पाने की कोशिश कर रहे हैं। सुबह से ही तेज़ गर्म हवाओं के कारण बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। दोपहर होते-होते शहर के कई इलाकों में यातायात लगभग ठप हो जाता है और हालात कर्फ्यू जैसे नजर आते हैं। लोग घर से निकलते समय चेहरा ढककर निकल रहे हैं।
पिछले दो-तीन दिनों से जैसलमेर और बाड़मेर में तापमान लगभग 45 डिग्री के आसपास बना हुआ है, जिसके चलते दोपहर में अधिकांश सड़कें सुनसान हो जाती हैं। सुबह से ही गर्म हवाओं का दौर शुरू हो जाता है और सूरज निकलते ही लू चलने लगती है। गन्ने के रस और नींबू पानी की दुकानों पर भीड़ देखी जा रही है। लोग केवल अत्यावश्यक काम होने पर ही घर से बाहर निकल रहे हैं और शरीर को ढककर तथा पानी की बोतल साथ रखकर चल रहे हैं।
भारत-पाकिस्तान सीमा के पास हालात और भी गंभीर हैं, जहाँ तापमान 49 से 50 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। एक स्थानीय निवासी ने बताया, “टंकियों में रखा पानी भी छूने लायक नहीं रहता। अगर अप्रैल में यह हाल है तो मई-जून में क्या होगा, कहना मुश्किल है। लोगों से अपील है कि घर में रहें, पानी पीते रहें और धूप से बचें।”
एक अन्य निवासी ज्ञान चंद ने बताया कि भीषण गर्मी के साथ-साथ बिजली कटौती भी स्थिति को और खराब कर रही है, जिससे व्यापार और रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को राजस्थान में लू का असर और तेज हुआ, जहाँ बाड़मेर में सबसे अधिक 46.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।