बलिया : उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में एक कथित लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां एंबुलेंस को पेट्रोल न मिलने के कारण एक 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। इस घटना को लेकर जिला प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और आरोप सही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
जिला मजिस्ट्रेट मंगला प्रसाद सिंह ने बताया कि यह घटना 22 अप्रैल की रात लगभग 9:21 बजे की है जब एंबुलेंस बैरिया थाना क्षेत्र के तेंगराही मोड़ के पास स्थित भूषण पेट्रोल पंप पहुंची थी।
उन्होंने बताया एंबुलेंस को ग्राम प्रधान सत्येंद्र यादव लेकर आए थे जिन्होंने बताया कि छठ्ठू शर्मा नाम के मरीज को अस्पताल ले जाना है। एंबुलेंस में ईंधन नहीं था इसलिए उसे पेट्रोल पंप लाया गया। ईंधन मांगा गया लेकिन उपलब्ध नहीं कराया गया। जिला मजिस्ट्रेट के अनुसार सीसीटीवी फुटेज में एंबुलेंस के पेट्रोल पंप पर पहुंचने की पुष्टि हुई है। पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने भी स्वीकार किया कि वाहन वहां आया था और उसे ईंधन नहीं दिया गया।
उन्होंने कहा जब कर्मचारियों से कारण पूछा गया तो उन्होंने ईंधन की कमी का हवाला दिया। लेकिन जांच में पाया गया कि वहां लगभग 8,500 लीटर पेट्रोल और 4,500 लीटर से अधिक डीजल उपलब्ध था। इसका मतलब है कि पर्याप्त स्टॉक मौजूद था और ईंधन दिया जाना चाहिए था। यह उनकी गलती थी।
जिला मजिस्ट्रेट ने बताया कि मामले की जांच के लिए अधिकारियों को मौके पर भेजा गया है और यदि आरोप सही पाए गए तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को किसी भी परिस्थिति में ईंधन देने से इनकार नहीं किया जा सकता और जिम्मेदारी तय की जाएगी।
घटना बुधवार रात करीब 9:30 बजे की है, जब छठ्ठू शर्मा को सीने में तेज दर्द हुआ। इसके बाद ग्राम प्रधान सत्येंद्र यादव उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में एंबुलेंस का ईंधन समाप्त हो गया।
इसके बाद एंबुलेंस को तेंगराही के पास स्थित पेट्रोल पंप पर ले जाया गया जहां बार-बार अनुरोध के बावजूद कथित रूप से ईंधन देने से मना कर दिया गया। यहां तक कि बैरिया के उप-जिला मजिस्ट्रेट (एसडीएम) से संपर्क करने के बाद भी ईंधन उपलब्ध नहीं कराया गया ऐसा आरोप है।
अंततः मरीज के साथ मौजूद लोगों ने मजबूरी में मोटरसाइकिलों से पेट्रोल निकालकर एंबुलेंस में डाला और फिर अस्पताल की ओर रवाना हुए। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने छठ्ठू शर्मा को मृत घोषित कर दिया।