आरामबाग: अभिषेक बनर्जी (Abhishek Banerjee) की प्रस्तावित सभा से ठीक पहले पश्चिम बंगाल के आरामबाग इलाके में राजनीतिक माहौल अचानक हिंसा में बदल गया। सोमवार को होने वाली जनसभा में शामिल होने जा रही तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद मिताली बाग (Mitali Bagh) की गाड़ी पर कथित तौर पर हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद उन्हें तुरंत आरामबाग महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि हमले के दौरान उनकी गाड़ी के शीशे टूट गए और कांच लगने से उन्हें चोटें आईं।
सांसद मिताली बाग ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वह सभा में शामिल होने जा रही थीं, उसी दौरान उनकी गाड़ी पर हमला किया गया और यह पूरी घटना राजनीतिक रूप से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि अभी चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह शुरू भी नहीं हुई है और उससे पहले ही महिला जनप्रतिनिधि को निशाना बनाया जा रहा है।
TMC नेताओं ने इस घटना के लिए विपक्षी दल को जिम्मेदार ठहराया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता शांतनु सेन (Shantanu Sen) ने कहा कि यह हमला बेहद गंभीर है और इसके पीछे राजनीतिक साजिश हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल के दिनों में राज्य में तनाव बढ़ाने की कोशिश की जा रही है। वहीं तृणमूल कांग्रेस (TMC) की राज्यसभा सांसद सागरिका घोष (Sagarika Ghose) ने भी इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय बताया। उन्होंने कहा कि एक महिला सांसद पर इस तरह का हमला बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
दूसरी ओर, भाजपा ने इन सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि पार्टी का इस घटना से कोई संबंध नहीं है और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। फिलहाल पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है।