🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

मोदी की रैली से पहले जगद्दल में बवाल, BJP-TMC समर्थकों में हिंसक झड़प

पोस्टर विवाद से शुरू हुआ विवाद पत्थरबाजी, MLA के घर पर हमला, 3 घायल. पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया।

By श्वेता सिंह

Apr 27, 2026 13:47 IST

बैरकपुरः पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) की प्रस्तावित रैली से ठीक पहले रविवार रात हालात अचानक बिगड़ गए। जगद्दल इलाके में तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के समर्थकों के बीच हिंसक झड़प ने पूरे क्षेत्र में तनाव फैला दिया।

बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत प्रधानमंत्री की रैली के लिए लगाए गए पोस्टर और झंडे फाड़े जाने से हुई। मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के समर्थक जगद्दल थाने के सामने आमने-सामने आ गए। इसके बाद पत्थरबाजी, मारपीट और कथित तौर पर देसी बमों के इस्तेमाल की घटनाएं सामने आईं।

स्थिति उस वक्त और गंभीर हो गई जब भाटपाड़ा विधानसभा सीट से BJP उम्मीदवार पवन कुमार सिंह (Pawan Kumar Singh) के घर पर बमबाजी की खबर आई। हमले में कम से कम तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विस्फोट से इलाके में दहशत फैल गई और संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा।

जगद्दल में TMC और BJP समर्थकों के बीच हुई हिंसक झड़प के मामले में पश्चिम बंगाल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कौशिक दास, सिकंदर प्रसाद, गोपाल राउत और श्यामदेव शॉ के रूप में हुई है, जबकि अन्य कई आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, बैरकपुर डीसीपी के नेतृत्व में करीब एक दर्जन स्थानों पर छापेमारी कर इन आरोपियों को पकड़ा गया। साथ ही फिरोज, मुंजल राजक सहित अन्य संदिग्धों की तलाश में लगातार रेड की जा रही है।

घटना को लेकर पुलिस ने बताया कि रविवार रात करीब 11 बजे एक सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी, जो जगद्दल विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे थे। इसी दौरान विरोधी पक्ष के समर्थकों को इसकी जानकारी मिल गई और करीब 200 लोगों की भीड़ थाने के बाहर इकट्ठा हो गई।

देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और गैरकानूनी तरीके से थाने परिसर में घुस गई, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति गंभीर हो गई। हालात संभालने के लिए एक अन्य उम्मीदवार भी मौके पर पहुंचे, लेकिन इससे भीड़ और आक्रामक हो गई। हालांकि दोनों उम्मीदवार अपने समर्थकों की मदद से किसी तरह वहां से निकलने में सफल रहे।

इसके बाद भीड़ ने एक अन्य उम्मीदवार के घर को निशाना बनाया, जहां बम, पत्थरबाजी और फायरिंग की घटनाएं सामने आईं। इस दौरान केंद्रीय बलों पर भी हमला किया गया, जिसमें CISF के एक जवान के घायल होने की खबर है।

इससे पहले BJP उम्मीदवार पवन कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि विवाद की शुरुआत एक दिन पहले उनकी नुक्कड़ सभा के दौरान हुई थी, जब TMC कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में बाधा डाली। एएनआई रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने दावा किया कि पुलिस में शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई और जब वे प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए पोस्टर लगा रहे थे, तब फिर से हमला किया गया।

सिंह के मुताबिक, थाने से लौटते समय पहले पत्थरबाजी हुई, फिर देसी बम फेंके गए और उसके बाद फायरिंग शुरू हो गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस दौरान CISF के एक जवान के पैर में गोली लगी।

वहीं, TMC उम्मीदवार अमित गुप्ता ने इन आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि झड़प की शुरुआत उनके कार्यकर्ताओं पर हमले से हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि BJP समर्थकों ने उनके कार्यकर्ता के साथ मारपीट की, पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ की और बाद में थाने के भीतर भी हमला किया।

गुप्ता ने कहा कि वे शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे थे, लेकिन वहां भी स्थिति बिगड़ गई। उन्होंने BJP नेता अर्जुन सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनका “हिंसक व्यवहार” पहले से ही जाना-पहचाना है।

घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। अतिरिक्त अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है ताकि स्थिति को नियंत्रण में रखा जा सके। पुलिस ने बमबाजी और झड़प के मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, हालांकि क्षेत्र में अब भी तनाव बना हुआ है।

यह पूरी घटना ऐसे समय में हुई है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) की इलाके में अहम जनसभा प्रस्तावित है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है। राज्य में चुनावी माहौल पहले से ही गरम है। दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होना है, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी। ऐसे में इस तरह की हिंसक घटनाओं ने प्रशासन और चुनाव आयोग की चिंता बढ़ा दी है।

Articles you may like: