रांची : झारखंड के गिरिडीह जिले के बाजटो गांव में एक दुखद घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया जहां कथित तौर पर दूषित गोलगप्पा खाने से एक बच्चे की मौत हो गई जबकि 18 अन्य बच्चे और दो वयस्क बीमार होकर अस्पताल में भर्ती हैं। इस घटना के बाद गांव में भय और चिंता का माहौल बन गया है और प्रशासन ने तत्काल जांच शुरू कर दी है। जिला उपायुक्त रामनिवास यादव के अनुसार यह घटना उस समय सामने आई जब गांव में एक ठेले पर गोलगप्पा बेचने वाला विक्रेता आया था। कई बच्चों और कुछ वयस्कों ने वहां से गोलगप्पा खाया जिसके कुछ ही समय बाद उनमें तेज बीमारी के लक्षण दिखाई देने लगे। कुल 18 बच्चे और दो वयस्क गंभीर रूप से बीमार हो गए।
बीमार लोगों को पहले स्थानीय स्तर पर उपचार दिया गया लेकिन हालत में सुधार न होने पर उन्हें सदर अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान एक बच्चे की मौत हो गई जबकि अन्य मरीजों का उपचार जारी है। जिला प्रशासन के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि गोलगप्पा बनाने में इस्तेमाल किया गया पानी या सामग्री कई दिनों से बिना उचित संरक्षण के रखी गई थी जिसके कारण उसमें खराबी आ गई। वर्तमान में जिले में भीषण गर्मी पड़ रही है जिससे खाद्य पदार्थ जल्दी खराब हो जाते हैं और दस्त जैसी बीमारियों के मामलों में भी वृद्धि देखा जा रहा हैं।