मुंबई : पुणे जिले में एक दर्दनाक हादसे में तीन श्रमिकों की मौत हो गई, जब वे एक मशरूम प्रोसेसिंग यूनिट के ड्रेनेज टैंक की सफाई के लिए उसमें उतरे थे। यह घटना रविवार शाम को हुई जिसकी पुष्टि पुणे ग्रामीण पुलिस ने की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह हादसा पुरंदर तालुका के बेलसर गांव में स्थित एक मशरूम कंपनी में हुआ जो जेजुरी पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आता है। घटना लगभग शाम 4:30 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार सबसे पहले एक श्रमिक सफाई के लिए ड्रेनेज टैंक के अंदर उतरा था लेकिन वह काफी समय तक बाहर नहीं आया। उसके बाद स्थिति को गंभीर समझते हुए दो अन्य श्रमिक एक-एक करके उसे बचाने के लिए टैंक के अंदर गए लेकिन वे भी बाहर नहीं निकल पाए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद से ड्रेनेज टैंक को ढकने वाली कंक्रीट स्लैब को तोड़ा गया और तीनों श्रमिकों को बाहर निकाला गया। तुरंत ही उन्हें जेजुरी ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर बताया कि टैंक के अंदर विषैले गैसों के जमा होने के कारण संभवतः तीनों श्रमिक बेहोश हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान पिंटू राजेश प्रसाद (23), व्यास सोहम कुमार (22) और गौतम रामसुरन कुशवाहा (36) के रूप में हुई है। ये सभी उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के निवासी थे। पुलिस के अनुसार, तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और इस मामले में आकस्मिक मृत्यु (अकस्मात मृत्यु) का मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।