🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

UP के 'सिंघम' का वीडियो जारी कर तृणमूल का तंज, भाजपा ने दिया जवाब, अखिलेश ने कहा - महिलाएं लज्जित

आरोप है कि उत्तर प्रदेश के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट IPS अजय पाल शर्मा केंद्रीय बल के जवानों को साथ लेकर तृणमूल प्रत्याशी जहांगीर खान को ढूंढने के बहाने घर-घर जाकर लोगों को धमका रहे हैं।

By Moumita Bhattacharya

Apr 28, 2026 14:59 IST

दूसरे चरण के मतदान से महज 2 दिनों पहले दक्षिण 24 परगना जिले में बतौर पुलिस ऑब्जर्वर IPS अजय पाल शर्मा की नियुक्ति को लेकर नया विवाद शुरू हो गया है। आरोप है कि उत्तर प्रदेश के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट IPS अजय पाल शर्मा केंद्रीय बल के जवानों को साथ लेकर तृणमूल प्रत्याशी जहांगीर खान को ढूंढने के बहाने फलता में घर-घर जाकर लोगों को धमका रहे हैं।

मंगलवार को तृणमूल द्वारा जारी एक वीडियो को लेकर एक बार फिर से विवाद शुरू हो गया है।

कथित तौर पर इस वीडियो में उत्तर प्रदेश के 'सिंघम' IPS अजय पाल शर्मा को एक डांसर के साथ नाचते हुए देखा गया है (हालांकि इस वीडियो की सत्यता की जांच समाचार एई समय ने नहीं की है)। इस वीडियो को लेकर एक बार फिर से विवादों का दौर शुरू हो गया है।

महुआ मोइत्रा ने साधा निशाना

सांसद मोहुआ मोइत्रा ने अपने X हैंडल से इस वीडियो को शेयर किया है। वीडियो में कुछ युवकों के सामने डांसर नाचती हुई नजर आ रही है। इन्हीं युवकों में सफेद रंग के ट्राउजर में एक युवक डांस करता हुआ नजर आ रहा है। तृणमूल का दावा है कि उक्त युवक IPS अजय पाल शर्मा है।

Read Also | कौन हैं UP के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट अजय पाल शर्मा? बंगाल चुनाव में जिनकी एंट्री से आया सियासी भूचाल

उन्हें टैग करते हुए महुआ मोइत्रा ने कटाक्ष करते हुए लिखा, 'फेयर एंड लवली बबुआ - फैंटाकॉप स्टाइल में तुम्हें आनंद मनाते हुए देखकर अच्छा लग रहा है। रहो ठंडा-ठंडा कुल-कुल, बंगाल में हमेशा तृणमूल।' हालांकि यह वीडियो कब और कहां का है, इस बारे में उन्होंने कोई जानकारी साझा नहीं किया है।

हालांकि तृणमूल के प्रवक्ता ऋजु दत्त ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा है कि चुनाव के काम पर आए सिंघम कहां व्यस्त हैं, आपलोग खुद देखें। साथ ही उन्होंने अमित मालव्य पर निशाना साधते हुए लिखा है कि दुष्कर्मियों को बचाने, उन्हें विभिन्न कार्यों में नियुक्त करने और उनके गले में फूलों का हार पहनाने का इतिहास अमित मालव्य और उनके बॉस का है। वास्तव में भाजपा बंगाल में ऐसा ही परिवर्तन लाना चाहती है।

स्पेशल रोल ऑब्जर्वर ने कहा

इस मामले में पूछने पर बंगाल के स्पेशल रोल ऑब्जर्वर सुब्रत गुप्त ने कहा कि किसी रील वीडियो को लेकर चुनाव आयोग कोई प्रतिक्रिया नहीं देगी। वहीं भाजपा के प्रवक्ता विमल शंकर नंद ने कहा कि निजी पार्टी में कौन क्या करता है, यह हमें कैसे पता होगा। और इन मामलों में महुआ मोइत्रा जितना कम कहें उतना ही अच्छा होगा। पुलिस पर्यवेक्षक चुनाव आयोग ने नियुक्त किया है। इस बारे में कुछ भी कहना होगा तो आयोग ही कहेगा।

अखिलेश यादव ने भी साधा निशाना

इस मामले में समाजवादी पार्टी प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक पोस्ट में कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव पर्यवेक्षक के तौर पर नियुक्त उत्तर प्रदेश के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का अभद्र वीडियो तेजी से वायरल हुआ है। इससे उत्तर प्रदेश सरकार और प्रशासन की छवि खराब हुई है।

इसके साथ ही भाजपा सरकार की कथित तौर पर 'नारी का सम्मान' और 'नारी वंदना' के दावे की पोल भी खुल गयी है। महिलाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी जिनके हाथों में हैं, अगर वहीं 'ऐसे' होंगे तो महिलाओं की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी? आज भाजपा से जुड़ी हर महिला लज्जित हुई है।

Articles you may like: