बदलने वाला है मौसम का मिजाज। राज्य के कई जिलों में बारिश होने की वजह से चिलचिलाती धूप में थोड़ी राहत मिली है। इसके साथ ही तेज हवाओं के झोंकों ने मौसम में ठंडक ला दी है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार इस सप्ताह दक्षिण बंगाल के तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। बताया जाता है कि अप्रैल के बाकी दिनों में राज्य के प्रत्येक जिले में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
पहले चरण के चुनाव वाले दिन वोट देने के लिए लाइन में खड़े करीब 7 मतदाताओं की जान हिट स्ट्रोक की वजह से चली गयी थी, लेकिन दूसरे चरण में सूरज मतदाताओं को थोड़ी राहत देने वाला है। इसलिए कहा जा सकता है कि दूसरे चरण के चुनाव में मतदान की लाइन में खड़े होकर मतदाताओं को अधिक परेशानी नहीं होगी।
Read Also | आस्था सबसे पहले! महज एक साल में दीघा के जगन्नाथ मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे 1.3 करोड़ श्रद्धालु
चुनाव के समय कैसा रहेगा कोलकाता का मौसम?
मंगलवार की सुबह से बंगाल के कई जिलों में आसमान में बादलों ने अपना डेरा डाला हुआ है। हालांकि आद्रता की वजह से उमस थोड़ी बढ़ने की समस्या हो सकती है लेकिन शाम के समय आंधी-बारिश की भी संभावना जतायी गयी है। बताया गया है कि 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं बह सकती है।
मौसम विभाग ने बताया कि फिलहाल मौसम के बदलने की कोई संभावना नहीं है। अगले कुछ दिनों तक कोलकाता का न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा जो सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है जो सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम बतायी जाती है।
दक्षिण बंगाल के बाकी जिलों का हाल
मंगलवार को दक्षिण बंगाल के कई जिलों में मौसम बिगड़ने के आसार हैं। खासतौर पर नदिया, पूर्व और पश्चिम बर्धमान, उत्तर और दक्षिण 24 परगना में शाम के बाद कालवैशाखी होने की आशंका है। मौसम विभाग ने बताया है कि दूसरे चरण के चुनाव में दिन के समय तो मौसम सामान्य ही बना रहेगा लेकिन शाम के बाद वज्रपात के साथ बारिश और तेज हवाएं बहने की आशंका है। दक्षिण बंगाल में सप्ताहांत में अधिकांश जिलों में बारिश होने की संभावना जतायी जा रही है।
वहीं उत्तर बंगाल में भी बारिश जारी रहेगी। इस वजह से तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट की संभावना है। मंगलवार को जलपाईगुड़ी और अलीपुरदुआर में अतिभारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि बुधवार से उत्तर बंगाल में बारिश तेज हो सकती है। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरदुआर में बारिश की विशेष चेतावनी जारी की गयी है।