बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का प्रचार अभियान खत्म हो चुका है। सोमवार की शाम को अपने आखिरी चुनाव प्रचार सभा को संबोधित करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर एक ऑडियो संदेश शेयर किया है।
इस संदेश में उन्होंने एक बार फिर से कहा है कि 4 मई को मतगणना के बाद पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में आने के लिए वह बेहद उत्साहित हैं। यह ऑडियो संदेश हिंदी के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंसी (AI) की मदद से बांग्ला भाषा में भी जारी किया गया है।
पश्चिम बंगाल के निवासियों के लिए जारी इस ऑडियो संदेश की शुरुआत प्रधानमंत्री द्वारा 'पश्चिम बंगाल के मेरे प्यारे भाईयों और बहनों' के संबोधन के साथ की गयी है। उन्होंने भाजपा को चुनाव में जिताने का आह्वान करते हुए कहा कि लोकतंत्र के मंदिर में विजयध्वज फहराने का एक असाधारण मौका आपके सामने आया है।
Read Also | बंगाल के विकास और महिलाओं को सुरक्षा दिलाने का एकमात्र उपाय है 'डबल इंजन' की सरकार : मनोज तिवारी
करीब 7 मिनट 38 सेकेंड के इस ऑडियो में पीएम मोदी ने राज्य के युवाओं के सामने विकास का रोडमैप रखा। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया इस बार बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने एक खास शक्ति महसूस की। उन्हें जरा भी थकान महसूस नहीं हुई। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मैं जब मां काली के भक्तों के बीच जाता था तब शायद मां काली ही मुझे शक्ति प्रदान करती थी। मुझे लगता था कि मैं एक तीर्थयात्रा पर जा रहा हूं।
पीएम नरेंद्र मोदी ने इस ऑडियो संदेश में दावा किया कि अयोध्या के राम मंदिर में रामलला की मूर्ति में प्राण प्रतिष्ठा से पहले जब वह व्रत रखते थे तब प्रभु रामचंद्र ही उन्हें शक्ति प्रदान करते थे। इस बार पश्चिम बंगाल की जनता के सामने खड़े होकर भी उन्हें वहीं शक्ति अनुभव हुई।
अपने ऑडियो संदेश में उन्होंने तृणमूल पर निशाना साधते हुए कहा कि काफी डराया जा चुका है। अब डर नहीं भरोसा चाहिए। बंगाल को सुरक्षित रखना हमारी जिम्मेदारी है। पहले चरण के चुनाव में इतिहास गढ़ने के बाद उन्होंने दूसरे चरण के मतदाताओं से अनुरोध किया कि 29 अप्रैल को आप अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें।