आरामबाग में तृणमूल सांसद मिताली बाग पर हमले का आरोप लगाया गया है। आरामबाग अस्पताल में उन्हें भर्ती किया गया है जहां उनसे मिलने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पहुंचे। आरोप लगाया जा रहा है कि सोमवार की सुबह जब मिताली बाग अभिषेक बनर्जी की सभा में शामिल होने के लिए जा रही थी तब उनकी गाड़ी पर कुछ असामाजिक तत्वों ने हमला किया।
तृणमूल ने जहां भाजपा समर्थित असामाजिक तत्वों पर हमले का आरोप लगाया है वहीं भाजपा ने हमले के आरोपों को मानने से इनकार कर दिया है।
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार इस हमले के खिलाफ दिल्ली में चुनाव आयोग के सदर ऑफिस में तृणमूल लिखित शिकायत दर्ज करवाने वाला है। पुलिस ने इस हमले के आरोप में 4 लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया है और सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को खंगालकर बाकी अभियुक्तों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी हुई है।
Read Also | अभिषेक बनर्जी की सभा से पहले आरामबाग में बवाल, TMC सांसद मिताली बाग की गाड़ी पर हमला
गौरतलब है कि 29 अप्रैल को बंगाल चुनाव के दूसरे चरण में ही आरामबाग में भी मतदान होगा। सोमवार को चुनाव प्रचार के आखिरी दिन अभिषेक बनर्जी की आरामबाग में सभा थी। दावा किया जा रहा है कि मिताली बाग उसी सभा में शामिल होने जा रही थी लेकिन बीच रास्ते में उनकी गाड़ी को रोककर उनपर हमला किया गया।
मिताली बाग ने भाजपा पर लगाया आरोप
मिताली बाग ने इस हमले के बारे में कहा कि मैं अभिषेक बनर्जी की सभा में शामिल होने के लिए जा रही थी। लेकिन भाजपा ने मेरी गाड़ी में तोड़फोड़ की। मेरे शरीर में कांच चुभ गए। पार्टी के कार्यकर्ता भी घायल हुए हैं। चुनाव आयोग को इसकी जिम्मेदारी लेनी होगी। मिताली बाग ने चुनाव आयोग से इस घटना की जांच करने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा पर भी तीखा हमला बोला।