10 दिनों के अंदर आईआईटी खड़गपुर में फिर से रहस्यमय तरीके से छात्र की मौत का मामला सामने आया है। मृतक का नाम सोहम हल्दार (22) बताया जाता है। वह उत्तर 24 परगना जिले के बारासात के शालबगान का रहने वाला बताया जाता है। सोहम इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इलेक्ट्रिकल कम्यूनिकेशन इंजीनियरिंग (ECE) के चौथे वर्ष का छात्र है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार परिसर के पंडित मनमोहन मालव्य हॉल के 329 नंबर रुम में सोहम हल्दार रहता था। मंगलवार की सुबह भी जब उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो सुरक्षाकर्मियों ने उसके बारे में खोजबीन करनी शुरू कर दी। पुलिस को तुरंत मामले की जानकारी दी गयी।
पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ा तो छात्र का फंदे से लटकता हुआ बरामद हुआ। तुरंत उसे IIT खड़गपुर के बीसी राय अस्पताल में ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया।
Read Also | कौन हैं UP के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट अजय पाल शर्मा? बंगाल चुनाव में जिनकी एंट्री से आया सियासी भूचाल
घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गौरतलब है कि महज 10 दिनों पहले भी 13 अप्रैल को तीसरे वर्ष के एक छात्र की अस्वाभाविक मौत का मामला सामने आया था। जयवीर सिंह दरिया (21) नामक वह छात्र मैन्यूफैक्चरिंग इंजीनियरिंग के तीसरे वर्ष का छात्र था। परिसर के अटल बिहारी वाजपेयी हॉल के सामने उसे खून से लथपथ बरामद किया गया था।
IIT खड़गपुर परिसर में बार-बार इस तरह की घटनाओं के सामने आने के बाद से ही छात्रों की सुरक्षा और उनपर डाले जा रहे मानसिक दबाव को लेकर सवाल उठाया जाने लगा है। सवाल उठ रहा है कि आखिर क्यों एक के बाद एक मेधावी छात्र आत्महत्या का मार्ग चुन रहे हैं? हालांकि इन सवालों का कोई जवाब अभी तक नहीं मिल सका है।