पंजाब के पटियाला शंभू अंबाला रेलवे लाइन के पास विस्फोट। सोमवार की देर रात को इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गयी है। बताया जाता है कि धमाके की वजह से रेल लाइन का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त भी हो गया है।
इसके साथ ही रेल लाइन के पास से एक अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पटियाला के सीनियर पुलिस सुपर वरुण शर्मा और अन्य उच्चाधिकारी पहुंच चुके हैं। मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की रात को करीब 10 बजे मालगाड़ी के लिए निर्धारित लाइन पर यह विस्फोट हुआ। इसके कुछ देर बाद ही उस रेलवे लाइन के पास एक व्यक्ति घायलावस्था में पड़ा मिला। पुलिस ने व्यक्ति को स्थानीय अस्पताल में भेज दिया है जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
STORY | Punjab: Blast damages railway track near Patiala; probe on
— Press Trust of India (@PTI_News) April 28, 2026
A blast took place near a railway track in Punjab's Patiala, police said. The explosion also caused some damage to the track, said Patiala Senior Superintendent of Police Varun Sharma.
READ:… pic.twitter.com/b7kcMI7byv
विस्फोट में उक्त व्यक्ति का कोई हाथ है अथवा नहीं या फिर संयोगवश विस्फोट के समय वह व्यक्ति मौके पर उपस्थित था जिससे उसकी जान चली गयी? पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
बताया जाता है कि रेलवे पुलिस और फॉरेंसिक की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और घटनास्थल से नमूना एकत्र किया जा रहा है। मृतक का परिचय अभी तक नहीं मिल सका है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल और राज्य पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच शुरू कर दी है। घटना की वजह से उक्त रूट पर काफी देर तक ट्रेनों की आवाजाही बाधित हुई। हालांकि वर्तमान में ट्रेन सेवाएं फिर से शुरू हो चुकी है। गौरतलब है कि इससे पहले जनवरी में भी पंजाब के सरहिंद रेलवे लाइन पर भी विस्फोट की घटना घटी थी। उस विस्फोट में एक इंजन को नुकसान पहुंचा था और ट्रेन का ड्राइवर घायल हो गया था।