🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

विनेश फोगाट का बड़ा आरोप, रेसलिंग में वापसी से रोका जा रहा है

वेबसाइट बंद होने का दावा, WFI से संपर्क न होने की शिकायत।

नई दिल्ली : विनेश फोगाट ने रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्हें कुश्ती में वापसी करने से रोका जा रहा है। लगभग 20 महीने बाद वह दोबारा कुश्ती में वापसी करना चाहती हैं लेकिन उनके अनुसार भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) उनकी इस वापसी में बाधा उत्पन्न कर रहा है।

विनेश फोगाट ने पेरिस ओलंपिक 2024 से बाहर होने के बाद संन्यास की घोषणा की थी। बाद में उन्होंने दिसंबर 2025 में अपने संन्यास को वापस लेते हुए फिर से कुश्ती में लौटने का फैसला किया। लेकिन अब उनका कहना है कि वापसी की प्रक्रिया में उन्हें लगातार दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

डब्ल्यूएफआई के सर्कुलर के अनुसार राष्ट्रीय ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख 30 अप्रैल निर्धारित थी। विनेश फोगाट का आरोप है कि वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन उससे पहले ही बंद कर दिया गया जिससे वे आवेदन नहीं कर सकीं।

यह टूर्नामेंट उन खिलाड़ियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है जिन्होंने 2025 की राष्ट्रीय चैंपियनशिप और 2026 के फेडरेशन कप में हिस्सा नहीं लिया है। डब्ल्यूएफआई की एशियन गेम्स चयन नीति के मुताबिक 2025 की राष्ट्रीय चैंपियनशिप और 2026 के फेडरेशन कप के विजेता ही सीनियर चयन ट्रायल में सीधे हिस्सा ले सकते हैं। वहीं ओपन रैंकिंग में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय कैंप में जगह मिलती है जिसके बाद उन्हें ट्रायल में शामिल होने का अवसर मिलता है। लेकिन विनेश फोगाट का आरोप है कि उन्हें इस प्रक्रिया में शामिल ही नहीं होने दिया जा रहा है।

इस मामले पर विनेश फोगाट ने कहा कि उन्होंने कई बार डब्ल्यूएफआई से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने कहा की मुझे उम्मीद थी कि मैं राष्ट्रीय ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट में वापसी कर पाऊंगी लेकिन मैं आवेदन ही नहीं कर पाई। जब मैंने डब्ल्यूएफआई और अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की तो उन्होंने मेरा फोन नहीं उठाया।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि फेडरेशन कप के दौरान भी उन्हें इसी तरह की स्थिति का सामना करना पड़ा था। विनेश फोगाट ने कहा की मैं फेडरेशन कप में भाग लेने गई थी लेकिन अंतिम समय में नियम बदल दिए गए इसलिए मैं हिस्सा नहीं ले सकी। ऐसा लग रहा है जैसे मुझे रोकने के लिए ही यह सब किया जा रहा है।

विनेश फोगाट के इन आरोपों पर डब्ल्यूएफआई के अध्यक्ष संजय सिंह ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि केवल विनेश ही नहीं, कई अन्य पहलवानों को भी इसी तरह की तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ा है। उन्होंने यह भी कहा कि यह कोई जानबूझकर की गई कारवाई नहीं है और इसे तकनीकी त्रुटि बताया।

Articles you may like: