🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

मनु भाकर से वैभव सूर्यवंशी पर सवाल, सोशल मीडिया पर भड़के लोग

ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर का संतुलित जवाब, उम्र को बताया सिर्फ एक संख्या।

नई दिल्ली : राष्ट्रीय राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के एक कार्यक्रम में भारतीय खेल जगत से जुड़ा एक ऐसा सवाल उठाया गया जिसे लेकर अब सोशल मीडिया पर तीखी बहस छिड़ गई है। यह मामला युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी और ओलंपिक पदक विजेता शूटर मनु भाकर से जुड़ा हुआ है।

भारतीय खेल जगत में इस समय जिन युवा खिलाड़ियों को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है उनमें वैभव सूर्यवंशी प्रमुख हैं। मात्र 15 वर्ष की उम्र में ही उन्होंने अपने प्रदर्शन से क्रिकेट जगत का ध्यान खींचा है। राष्ट्रीय टीम हो या आईपीएल वैभव लगातार अपनी प्रतिभा का परिचय दे रहे हैं।

लेकिन हैरानी की बात यह रही कि पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली मनु भाकर को एक कार्यक्रम में वैभव सूर्यवंशी से जुड़ा सवाल पूछ लिया गया जिससे सोशल मीडिया पर विवाद खड़ा हो गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) की 75वीं वर्षगांठ पर आयोजित किया गया था।

इस सवाल पर 24 वर्षीय मनु भाकर ने संतुलित जवाब दिया। उन्होंने कहा की मैं कहूंगी कि अगर सही मार्गदर्शन और अच्छा माहौल मिले तो उम्र सिर्फ एक संख्या है। 60 साल की उम्र में भी अच्छा काम किया जा सकता है और 6 साल की उम्र में भी बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। इसलिए उसे सही प्रशिक्षण मिलना चाहिए। मुझे पूरा भरोसा है कि वह भविष्य में स्टार बनेगा।

हालांकि इस सवाल को लेकर विवाद इसलिए बढ़ गया क्योंकि कई लोगों का मानना है कि यह क्रिकेट को अनावश्यक प्राथमिकता देने और अन्य खेलों को नजरअंदाज करने का उदाहरण है। मनु भाकर ने 2024 पेरिस ओलंपिक में दो कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा था और वह पहली भारतीय निशानेबाज बनी थीं जिन्होंने यह उपलब्धि हासिल की।

सोशल मीडिया पर कई उपयोगकर्ताओं ने इस सवाल पर नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि एक ओलंपिक पदक विजेता खिलाड़ी की उपलब्धियों को कमतर करना और उनसे किसी क्रिकेटर पर सवाल पूछना अनुचित है। कई यूजर्स ने इसे अपमानजनक बताया और खेल पत्रकारिता की दिशा पर भी सवाल उठाए।

एक यूजर ने लिखा की यह कैसी पत्रकारिता है? क्या कभी किसी क्रिकेटर से उभरते निशानेबाजों के बारे में पूछा जाता है? वहीं स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टर जय भट्टाचार्य ने कहा की वे एक ओलंपिक पदक विजेता खिलाड़ी हैं। उनसे वैभव के बारे में पूछना उनके खेल और उपलब्धियों को कमतर करना है। भारत में क्रिकेट लोकप्रिय है लेकिन ऐसे सवाल उचित नहीं हैं। अगली बार अगर वैभव सूर्यवंशी से मनु भाकर के बारे में पूछा जाए तो देखना चाहिए कि जवाब क्या मिलता है।

Articles you may like: