पानीहाटी विधानसभा केंद्र से भाजपा प्रत्याशी और आरजी कर पीड़िता की मां बुधवार की सुबह नाटाग्रह संघ में मतदान करने पहुंची। मतदान कर बाहर निकलकर उन्होंने कहा कि पिछली बार हम तीन लोग एक साथ वोट देने गए थे। इस बार तो मेरी बेटी नहीं है!
पीड़िता की मां ने कहा कि अपनी बेटी के साथ हुए कथित नृशंस अत्याचार के लिए न्याय पाने के उद्देश्य से उन्होंने भाजपा में शामिल होकर चुनाव लड़ने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि आरजी कर मेडिकल कॉलेज कांड की जड़ें कितनी गहरी हैं, इसकी सच्चाई सामने लाने के लिए वह लगातार संघर्ष कर रही हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि 4 मई को हमें जवाब मिलेगा। इस लड़ाई में लोग हमारे कितने साथ हैं यह भी साफ हो जाएगा।
भाजपा उम्मीदवार ने आरोप लगाया कि मतदान के दौरान उन्हें ईवीएम में कुछ तकनीकी समस्या महसूस हुई। उनका कहना है कि बटन दबाने के बाद आवाज आने में देरी हो रही थी, जिसकी शिकायत उन्होंने मतदान कर्मियों से भी की। वह चाहती हैं कि मतदान पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से हो और चुनाव के दौरान कहीं भी हिंसा न हो।
इसके बाद वह वार्ड नंबर 32 के मतदान केंद्र पर भी पहुंचीं, जहां उन्हें सूचना मिली कि मतदान केंद्र के 100 मीटर के अंदर स्थानीय पार्षद लोगों के साथ मौजूद हैं। बाद में केंद्रीय बलों ने वहां से तृणमूल के पार्षद के जमावड़े को हटा दिया।
वहीं बुधवार की सुबह से ही सीपीएम उम्मीदवार कल्तान दासगुप्ता भी बूथों का निरीक्षण कर रहे हैं। वे मतदान केंद्रों का दौरा करते हुए आम मतदाताओं से भी बातचीत कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि पानीहाटी के विभिन्न बूथों पर अच्छी-खासी भीड़ देखी जा रही है।