🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

बंगाल का रण निर्णायक मोड़ पर: करोड़ों वोटर तय करेंगे सियासी भविष्य

142 सीटों पर कल वोटिंग, हाई-प्रोफाइल मुकाबलों के बीच सख्त सुरक्षा और रिकॉर्ड तैयारी

By श्वेता सि्ंह

Apr 28, 2026 22:14 IST

कोलकाताः पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का दूसरा चरण राज्य की राजनीति के लिए बेहद अहम साबित होने जा रहा है। बुधवार को 142 सीटों पर होने वाले मतदान में 3.22 करोड़ से ज्यादा मतदाता हिस्सा लेकर 1,448 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। पहले चरण में 23 अप्रैल को हुए मतदान में 91.78 प्रतिशत की रिकॉर्ड भागीदारी ने चुनावी माहौल को और गर्म कर दिया है। इसी उत्साह के साथ दूसरे चरण में भी भारी मतदान की उम्मीद जताई जा रही है।

मतदाता आंकड़ों के अनुसार, कुल 3.21 करोड़ सामान्य मतदाता और लगभग 40,000 सेवा मतदाता इस प्रक्रिया का हिस्सा हैं। इनमें 1.64 करोड़ पुरुष, 1.57 करोड़ महिला और 792 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। युवा मतदाताओं की भागीदारी भी खास है-करीब 4.12 लाख वोटर 18-19 वर्ष आयु वर्ग के हैं, जो पहली बार वोट डालेंगे। वहीं 100 वर्ष से अधिक उम्र के 3,200 से ज्यादा मतदाता लोकतंत्र में अपनी भागीदारी निभाएंगे।

चुनाव आयोग ने मतदान प्रक्रिया को सुचारु और पारदर्शी बनाने के लिए 41,001 मतदान केंद्र स्थापित किए हैं। इनमें 39,301 मुख्य और 1,700 सहायक केंद्र शामिल हैं। विशेष बात यह है कि 8,845 बूथ पूरी तरह महिला कर्मियों द्वारा संचालित होंगे, 13 बूथ दिव्यांग कर्मचारियों के जिम्मे होंगे और 258 मॉडल मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सभी बूथों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है, ताकि पूरी प्रक्रिया पर नजर रखी जा सके।

इस चरण में कई बड़े राजनीतिक दिग्गज मैदान में हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भवानीपुर से चुनाव लड़ रही हैं। इस सीट पर मुख्यमंत्री का मुकाबला विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी से है। भवानीपुर के साथ ही शुभेंदु नंदीग्राम सीट से भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इन दोनों सीटों पर मुकाबला खास तौर पर चर्चा में है और पूरे राज्य की नजरें यहां के परिणामों पर टिकी हैं।

दूसरे और अंतिम चरण के लिए चुनाव प्रचार सोमवार को समाप्त हो चुका है। अब मतदान के बाद सभी को 4 मई का इंतजार रहेगा, जब पश्चिम बंगाल के साथ असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों के नतीजे घोषित किए जाएंगे।

Articles you may like: