🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

बेंगलुरु में भारी बारिश के बीच अस्पताल की दीवार गिरने से 7 लोगों की मौत

मुख्यमंत्री सिद्धरामैया ने घटनास्थल का किया दौरा, मृतकों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान, सरकार ने जांच के आदेश दिए

By डॉ. अभिज्ञात

Apr 29, 2026 23:12 IST

बेंगलुरुः बेंगलुरु में तेज बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि के बीच एक बड़ा हादसा सामने आया, जब शहर के बोरिंग एंड लेडी कर्ज़न अस्पताल की परिसर दीवार अचानक ढह गई। इस घटना में एक छह वर्षीय बच्ची समेत सात लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हुए हैं।

पुलिस के अनुसार, बारिश से बचने के लिए कुछ लोग दीवार के पास खड़े थे, तभी वह भरभराकर गिर गई और लोग उसके नीचे दब गए। राहत और बचाव दल ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला।

शुरुआती जानकारी में तीन बच्चों की मौत की बात कही गई थी लेकिन बाद में स्पष्ट किया गया कि मृतकों में केवल एक बच्ची शामिल है। हादसे में प्रभावित लोगों में कुछ लोग केरल से भी थे, जो अध्ययन यात्रा पर आए थे।

घटना की जानकारी मिलते ही कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरामैया मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने घायलों के मुफ्त इलाज के निर्देश दिए और मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने मामले की जांच के आदेश देते हुए कहा कि यदि किसी अधिकारी या अभियंता की लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दीवार के पास निर्माण कार्य चल रहा था और मिट्टी के दबाव के कारण उसकी मजबूती कमजोर हो गई थी, जिससे यह हादसा हुआ। उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और कहा कि भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए कमजोर संरचनाओं और पेड़ों की पहचान कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

इस घटना को लेकर विपक्ष ने राज्य सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया है और इसे प्रशासनिक विफलता करार दिया है।

Articles you may like: