पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड मतदान के बाद अब मतगणना में पारदर्शिता और सुरक्षा-व्यवस्था को सख्त बनाए रखने की दिशा में आयोग लगातार कोशिशें कर रहा है। मतदान के बाद स्ट्रॉन्ग रुम की सुरक्षा-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए ही जिला सदर के बाद मतगणना केंद्रों की संख्या को घटाया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार बंगाल की भू-प्राकृतिक विविधता और विधानसभा केंद्र से मतगणना केंद्र की दूरी को ध्यान में रखते हुए 23 जिलों के सदर में 35 मतगणना केंद्र बनाने का फैसला लिया गया है।
साथ ही महकमा स्तर पर 42 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। इसके साथ ही राज्य में कुल मतगणना केंद्रों की संख्या 77 कर दी गयी है। साल 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद मतगणना 108 केंद्रों में हुई थी।
Read Also | पिछली बार के मुकाबले मतदाताओं की संख्या घटी लेकिन मतदान करने वालों में हुआ इजाफा
बताया जाता है कि आयोग की सिफारिश पर ही इस साल चुनाव में प्राथमिक तौर पर CEO ऑफिस ने 87 मतगणना केंद्रों का प्रस्ताव दिया है। लेकिन बाद में साल 2021 के विधानसभा चुनाव में मतगणना केंद्रों की संख्या से भी इस बार 31 घटाकर मतगणना केंद्रों की संख्या 77 की गयी है।
अन्य जिलों में कहां-कितने मतगणना केंद्र बनें?
सर्वाधिक मतगणना केंद्र 33 विधानसभा केंद्रों वाले उत्तर 24 परगना में है। यहां 7 मतगणना केंद्र बनाएं गए हैं।
- कोलकाता उत्तर के 7 विधानसभा केंद्रों के 1 मतगणना केंद्र (नेताजी इंडोर स्टेडियम में)
- अलीपुरदुआर की 5 विधानसभा केंद्रों के लिए 1 (अलीपुरदुआर विश्वविद्यालय में)
- झारग्राम में 1 मतगणना केंद्र (झारग्राम राज कॉलेज में)
- कालिम्पोंग में 1 मतगणना केंद्र (स्कॉटिश यूनिवर्सिटी मिशन में)
- उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर, जलपाईगुड़ी, मालदह और पश्चिम बर्धमान में 2 मतगणना केंद्र (1 जिला सदर और 1 महकमा स्तर पर)
- बांकुड़ा, बीरभूम, दार्जिलिंग, पश्चिम मिदनापुर में 3 मतगणना केंद्र
- हावड़ा, कोलकाता दक्षिण, नदिया, पूर्व बर्धमान और पूर्व मिदनापुर में 4 मतगणना केंद्र
- कुचबिहार, हुगली, मुर्शिदाबाद में 5 मतगणना केंद्र
- दक्षिण 24 परगना में 6 मतगणना केंद्र
बताया जाता है कि मतगणना केंद्र के अंदर काउंटिंग एजेंट सिर्फ 17सी फॉर्म, पेन और सादा कागज लेकर जा सकते हैं। बाहर से कोई चीज लेकर मतगणना केंद्र के अंदर प्रवेश नहीं की जा सकेगी।
नोट : मतगणना का काम 4 मई की सुबह 8 बजे से शुरू होगा। पहले पोस्टल बैलट गिना जाएगा।