🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

राजनीतिक पारा चढ़ा लेकिन आंधी-बारिश ने राज्य का मौसम बनाया सुहाना, मतगणना वाले दिन कैसा रहेगा मौसम?

गुरुवार की शाम को हुई रिकॉर्ड बारिश की वजह से कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल से उमस वाली गर्मी पूरी तरह से गायब हो चुकी है।

By Moumita Bhattacharya

May 01, 2026 11:41 IST

राजनैतिक पारा चढ़ने से जहां राज्य में सरगर्मियां बढ़ गयी है वहीं कालवैशाखी और वज्रपात के साथ हुई तेज बारिश ने दक्षिण बंगाल का मौसम बिल्कुल ठंडा कर दिया है। गुरुवार की शाम को हुई रिकॉर्ड बारिश की वजह से कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल से उमस वाली गर्मी पूरी तरह से गायब हो चुकी है।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मतगणना को लेकर राज्य में भले ही राजनीतिक पारा कितना भी चढ़ जाए लेकिन तापमान का पारा ज्यादा चढ़ने की संभावना नहीं है।

दक्षिण बंगाल समेत राज्य के सभी हिस्सों में सप्ताहांत में बारिश और आंधी की फिर से संभावना जतायी गयी है। शुक्रवार को भी मौसम विभाग ने राज्य के सभी जिलों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। दक्षिण बंगाल के 7 जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं बह सकती हैं।

इसके साथ ही जिन जिलों में तेज बारिश होने की संभावना जतायी गयी है उनमें कोलकाता, हुगली, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम बर्धमान, बांकुड़ा, पुरुलिया और नदिया शामिल है।

नदिया, उत्तर और दक्षिण 24 परगना में भारी बारिश होने की आशंका भी जतायी गयी है। उत्तर बंगालम में भी आज भारी बारिश होने की संभावना जताते हुए मौसम विभाग ने जलपाईगुड़ी और अलीपुरदुआर में 200 मिमी तक बारिश होने की आशंका जतायी है। रविवार को भी उत्तर बंगाल में कुछ-कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।

कोलकाता में हुई रिकॉर्ड बारिश

पिछले 2 दिनों में कोलकाता में रिकॉर्ड बारिश होने की जानकारी मिली है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पिछले 2 दिनों में कोलकाता में 87 मिलीमीटर बारिश हुई है। इसमें बुधवार को 54 मिलीमीटर और गुरुवार को 33 मिलीमीटर बारिश हुई है।

इसके साथ ही तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज हुई है। मिली जानकारी के अनुसार रात के समय तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जबकि दिन का अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री पर पहुंच गयी जो सामान्य की तुलना में 7 डिग्री कम बतायी जाती है।

मौसम विभाग के मुताबिक 4 मई (मतगणना वाले दिन) राज्य भर में बारिश होने की संभावना है। इसके साथ 30 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी बह सकती हैं। दक्षिण के सभी जिलों में, खासतौर पर नदिया, मुर्शिदाबाद, बीरभूम, दोनों 24 परगना, पूर्व बर्धमान और पूर्व मिदनापुर में मंगलवार तक बारिश और आंधी की संभावना है।

Articles you may like: