जयपुर : आईपीएल 2026 के 43वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) एक कठिन चुनौती का सामना करने जा रही है। टीम आत्मविश्वास से भरी राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ मैदान में उतरेगी। इससे पहले पिछले मैच में केवल 75 रन पर ऑलआउट होकर दिल्ली कैपिटल्स को बड़ा झटका लगा था। ऐसे में कप्तान अक्षर पटेल के नेतृत्व में टीम इस मैच में वापसी करने के इरादे से उतरेगी लेकिन चुनौती आसान नहीं होगी। इसके साथ ही टीम को एक अहम खिलाड़ी के बिना मैदान में उतरना पड़ेगा।
आईपीएल नियमों के तहत लुंगी एनगिडी बाहर
दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी अब पूरी तरह फिट हैं। सिर पर चोट लगने के बाद वे पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं और नेट्स में गेंदबाजी भी कर रहे हैं। इसके बावजूद वे इस मैच में खेल नहीं पाएंगे क्योंकि आईसीसी के कन्कशन (Concussion) नियम इसके आड़े आ रहे हैं।
25 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में कैच लेते समय लुंगी एनगिडी गंभीर रूप से गिर गए थे और उनके सिर में चोट लग गई थी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। हालांकि उन्हें जल्द ही छुट्टी मिल गई लेकिन नियमों के अनुसार उन्हें कुछ समय के लिए आराम दिया जाना जरूरी है।
नए नियम के अनुसार कन्कशन के कारण जो खिलाड़ी मैच मिस करता है उसे कम से कम 7 दिन तक मैदान से बाहर रहना होता है। इसी कारण 1 मई को राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ मैच में लुंगी एनगिडी उपलब्ध नहीं होंगे।
कौन संभालेगा यह बड़ा खालीपन?
लुंगी एनगिडी पिछले मैच में भी नहीं खेल पाए थे जिसमें दिल्ली कैपिटल्स को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ भारी हार का सामना करना पड़ा था। इससे साफ है कि उनकी कमी टीम को लगातार खल रही है।
ऐसे में टीम की उम्मीदें ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क पर टिकी हैं। चोट के कारण वे लंबे समय से बाहर थे और अभी तक आईपीएल में कोई मैच नहीं खेल पाए हैं। लेकिन अब वे पूरी तरह फिट हैं।
ऐसा माना जा रहा है कि राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में उन्हें पहली बार प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो लुंगी एनगिडी की अनुपस्थिति काफी हद तक भरने की उम्मीद जताई जा रही है।