टेक्ससः अमेरिका से एक बार फिर विमान हादसे की दर्दनाक खबर सामने आई है। टेक्सास हिल कंट्री के जंगलों में एक छोटा विमान क्रैश हो गया, जिसमें सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में चार पिकलबॉल खिलाड़ी और एक पायलट शामिल हैं। यह हादसा गुरुवार देर रात करीब 11 बजे (स्थानीय समय) विम्बरली के पास हुआ, जो ऑस्टिन से लगभग 65 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है।
टेक्सास डिपार्टमेंट ऑफ पब्लिक सेफ्टी के सार्जेंट बिली रे ने बताया कि हादसा इतना भीषण था कि पायलट समेत सभी यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।
खेल के जुनून ने पहुंचाया आसमान तक, मगर...
अधिकारियों ने मृतकों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं, लेकिन अमरिलो पिकलबॉल क्लब ने पुष्टि की है कि चारों खिलाड़ी उनके क्लब से जुड़े थे। वे एक टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए जा रहे थे। क्लब के अध्यक्ष डैन डायर ने कहा कि ये खिलाड़ी बेहद समर्पित और प्रतिस्पर्धी थे, जो हर मैच जीतने के इरादे से खेलते थे।
कैसे हुआ हादसा?
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, सेसना 421सी मॉडल का यह विमान अमरिलो से उड़ान भरकर न्यू ब्राउनफेल्स नेशनल एयरपोर्ट जा रहा था। उड़ान के दौरान विमान एक घने वन क्षेत्र में पेड़ों से टकराकर गिर गया। टक्कर के बाद विमान में आग लग गई, जिससे बचाव का कोई मौका नहीं मिल सका। बताया जा रहा है कि हादसे से पहले पायलट ने संकट संकेत भी भेजा था।
नेशनल वेदर सर्विस के अनुसार, दुर्घटना से पहले इलाके में बादल छाए हुए थे। हालांकि, तेज तूफान और बिजली गिरने की घटनाएं हादसे के करीब दो घंटे बाद दर्ज की गईं।
जांच जारी, दूसरा विमान सुरक्षित
अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इसी दौरान अमरिलो से उड़ान भरने वाला एक अन्य विमान सुरक्षित रूप से न्यू ब्राउनफेल्स एयरपोर्ट पर उतर गया। यह हादसा न सिर्फ विमानन सुरक्षा पर सवाल खड़ा करता है, बल्कि खेल जगत के लिए भी एक बड़ी क्षति है। पिकलबॉल समुदाय ने अपने चार समर्पित खिलाड़ियों को एक साथ खो दिया, जिससे शोक की लहर दौड़ गई है।