🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

बारासात में स्ट्रॉन्ग रुम का CCTV अचानक बंद होने का आरोप, चुनाव आयोग का दावा - चालू था कैमरा

आरोप लगाया गया कि बारासात सरकारी कॉलेज के स्ट्रॉन्ग रूम का सीसीटीवी कुछ समय के लिए बंद हो गया था।

By Debarghya Bhattacharya, Moumita Bhattacharya

May 02, 2026 13:54 IST

बंगाल विधानसभा चुनाव के दो चरणों का मतदान समाप्त हो चुका है। 4 मई को मतगणना के बाद रिजल्ट घोषित किया जाएगा। राज्य के विभिन्न मतगणना केंद्रों पर EVM पहले ही पहुंच चुकी हैं। सभी मतगणना केंद्रों में सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गयी है। चुनाव आयोग के निर्देश पर स्ट्रॉन्ग रूम में 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था भी की गई है।

लेकिन मतगणना से पहले ही बारासात सरकारी कॉलेज के स्ट्रॉन्ग रूम में सीसीटीवी बंद हो जाने का आरोप सामने आया है। इस कॉलेज में बारासात, देगंगा, अशोकनगर और हाबड़ा विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना होने वाली है।

शनिवार की सुबह अशोकनगर से तृणमूल प्रत्याशी नारायण गोस्वामी ने आरोप लगाया कि स्ट्रॉन्ग रूम का सीसीटीवी कुछ समय के लिए बंद हो गया था। गोस्वामी ने आरोप लगाते हुए कहा कि शनिवार की सुबह 8:05 से 8:22 बजे तक सीसीटीवी का आउटपुट मॉनिटर बंद रहा।

घटना की जानकारी मिलते ही वह बारासात सरकारी कॉलेज के मतगणना केंद्र पहुंच गए। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मैंने इस मामले को लेकर अशोकनगर के रिटर्निंग ऑफिसर, इलेक्शन इंचार्ज, एडीएम और डीएम के पास शिकायत दर्ज कराई है।

Read Also | कई मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान की घोषणा, कब? कहां-कहां?

नारायण गोस्वामी ने बताया कि उन्हें आश्वस्त किया गया है कि दो घंटे के भीतर इस घटना की रिपोर्ट दी जाएगी।

गौरतलब है कि शुक्रवार को ही नारायण गोस्वामी ने कहा था कि मतगणना केंद्र के स्ट्रॉन्ग रूम का सीसीटीवी एक पल के लिए भी बंद हुआ तो वे कड़ा कदम उठाएंगे और व्यापक आंदोलन भी करेंगे। इसी बात को फिर से दोहराते हुए उन्होंने कहा कि यदि 'संतोषजनक जवाब' नहीं मिला, तो आगे की कार्रवाई पर विचार किया जाएगा।

इस मामले में चुनाव आयोग की ओर से दावा किया गया है कि मतगणना केंद्र का सीसीटीवी मॉनिटर बंद हो गया था, लेकिन स्ट्रॉन्ग रूम के अंदर लगे कैमरे चालू थे और रिकॉर्डिंग भी जारी रही।

घटनास्थल पर तनाव बढ़ने के कारण SDPO भारी केंद्रीय बल के साथ वहां पहुंचे। घटना को लेकर राजनीतिक तनाव तो बढ़ गया है लेकिन प्रशासन ने स्थिति नियंत्रित बताया। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मॉनिटर आखिर कैसे बंद हुआ, इसकी जांच की जा रही है। यह कोई तकनीकी खराबी थी या जानबूझकर मॉनिटर को बंद किया गया था, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।

Articles you may like: