🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

करोड़ों का सोना चुराकर 15 खतरनाक कुत्तों के 'पहरे' में रहती शातिर नौकरानी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

खुद को कानून के हाथों से बचाने के लिए अपने घर को एक अभेद्य किले में बदल दिया जिसकी रखवाली करते थे विभिन्न प्रजातियों के 15 शिकारी कुत्ते।

By Moumita Bhattacharya

May 02, 2026 09:38 IST

एक शातिर महिला चोर जो लोगों के घरों में नौकरानी (Domestic Help) का काम करती थी। उसने खुद को बचाने के लिए एक बड़ा ही अनोखा तरीका अपनाया। खुद को कानून के हाथों से बचाने के लिए अपने घर को एक अभेद्य किले में बदल दिया जिसकी रखवाली करते थे विभिन्न प्रजातियों के 15 शिकारी कुत्ते।

यह मामला दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले के शालीमार बाग थाना की बतायी जाती है। दिल्ली पुलिस ने एक फिल्मी ऑपरेशन को अंजाम दिया जो पूरे शहर तो क्या देश भर में चर्चा का विषय बना हुआ है।

शातिर नौकरानी का कारनामा

चोरी के आरोप में जिस महिला का गिरफ्तार किया गया है उसका नाम सोनिया (45) बताया जाता है। NDTV की मीडिया रिपोर्ट में DCP नॉर्थ वेस्ट आकांक्षा यादव के हवाले से बताया गया कि 19 अप्रैल को शालीमार बाग निवासी विजय पाल गुप्ता के घर से करीब ढाई करोड़ रुपए के सोने के जेवर और नकदी चोरी होने का मामला दर्ज करवाया गया था।

जांच में उतरी पुलिस को पता चला कि उन्होंने चोरी की घटना से महज 3 दिनों पहले ही सोनिया को घरेलू सहायिका के तौर पर काम पर रखा था। बताया जाता है कि सोनिया पहले दिल्ली के पॉश इलाकों में घरों की रेकी करती थी। उसके बाद लोगों से मेलजोल बढ़ाकर घरेलू सहायिका का काम हासिल करती थी। इसके बाद मौका मिलते ही वह तिजोरियों में हाथ साफ करके फरार हो जाती थी।

15 शिकारी कुत्ते करते थे रखवाली

मीडिया रिपोर्ट में बताया गया कि जब दिल्ली पुलिस की टीम आरोपी सोनिया के घर पहुंची तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। सोनिया के घर पर खुंखार शिकारी कुत्तों की पूरी फौज थी। उसने अपनी सुरक्षा में पिटबुल से लेकर अमेरिकन बुली जैसे 15 कुत्तों को तैनात कर रखा था।

पुलिस ने साहस का परिचय देते हुए शिकारी कुत्तों का घेरा पार किया और घर की तलाशी ली। सोनिया घर के एक कोने में रजाई के ढेर में दुबकी हुई मिली जहां से पुलिस ने उसे धर दबोचा।

गोल्ड अकाउंट्स का खुलासा

सोनिया की गिरफ्तारी के बाद जो खुलासा हुआ उससे पुलिस भी हैरान रह गयी है। सोनिया सिर्फ एक माहिर चोर ही नहीं बल्कि वह वित्तीय हेरफेर करने में भी माहिर निकली। बताया जाता है कि उसने चोरी के लगभग 2 किलो सोने के गहनों को कई फाईनेंशियल बैंक और अन्य बड़े संस्थानों में गिरवी भी रखा था।

करीब 15 अलग-अलग गोल्ड लोन अकाउंट्स खुलवाकर उसने लाखों रुपए का कर्ज ले रखा है। उसके पास 1 लाख रुपया नकद भी बरामद किया गया है। बताया जाता है कि फिलहाल उसके सभी बैंक अकाउंट्स को फ्रीज कर दिया गया है और चोरी का सामान वापस लाने के लिए कई एजेंसिया कोशिश कर रही है।

Articles you may like: